Publish Date: Tue, 01 Jul 2025 (20:13 IST)
Updated Date: Tue, 01 Jul 2025 (20:16 IST)
किरेन रीजीजू ने कहा कि मुंबई में भाजपा की बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को सर्वसम्मति से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। सोमवार को संगठन चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में चव्हाण ने अपना नामांकन भर दिया था।
महाराष्ट्र में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से पहले बीजेपी को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया है। आरएसएस के चहेते रवींद्र चव्हाण के नाम की आधिकारिक घोषणा आज 1 जुलाई को मुंबई के वरली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, और भाजपा के अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने वाले वे अकेले प्रत्याशी थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा को इस बार महायुति सरकार, 2029 में पूर्ण बहुमत की सरकार का लक्ष्य दिया था। जाहिर है, भाजपा को इस लक्ष्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब रवींद्र चव्हाण की होगी।
रवींद्र चव्हाण मुंबई के पड़ोसी जिले ठाणे की कल्याण-डोंबीवली महानगरपालिका में पहली बार 2007 में सभासद चुने गए थे। उन्हीं तभी महापालिका में स्थायी समिति का अध्यक्ष बना दिया गया था। 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के तत्कालीन विधायक हरीश्चंद्र पाटिल का टिकट काटकर उन्हें उम्मीदवारी दी गई, और वह जीतकर पहली बार विधानसभा में पहुंचे।
तबसे वे लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। 2014 में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार में वे राज्यमंत्री बने। 2021 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बनी शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार में वे सार्वजनिक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे। अब पूरे महाराष्ट्र में एक साथ होने जा रहे स्थानीय निकाय चुनावों से ठीक पहले उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा रही है। Edited by : Sudhir Sharma