Publish Date: Thu, 02 Sep 2021 (12:25 IST)
Updated Date: Thu, 02 Sep 2021 (15:16 IST)
दुनिया में कुछ लोग दूसरों को मोटिवेट करने के लिए आते हैं, क्योंकि हममें से कई लोग अपनी जिंदगी में हुए हादसे या किसी अन्य कारण से टूट जाते हैं और पूरा जीवन निराशा में ही गुजार देते हैं। एक छोटी सी कहानी आपको आत्मविश्वास और आशा से भर देगी। यदि आपके सपने टूट जाएं और आपकी जिंदगी में कुछ करने को बचा नहीं हो तो घबराना नहीं, बस यह सोचना कि शायद ईश्वर मुझसे कुछ और ही करवाना चाहता है।
एक लड़का था, जिस की उम्र करीब 10 साल थी। बचपन से ही उसे फुटबॉल खेलने का जुनून था। वह सपना देखता था कि बड़ा होकर वह अपने देश के लिए फुटबॉल खेलेगा और वह अपनी पसंदीदा क्लब रियल मेड्रिड कास्टिला की ओर से फुटबॉल खेले। उसने खूब कड़ी मेहनत की और एक दिन उसका यह सपना साकार हो गया और वह क्लब रियल मेड्रिड कास्टिला में एक फुटबॉलर के रूप में शामिल हो गया।
वह लड़का एक अच्छा गोलकीपर था और सभी लोग यह मानने लगे थे कि आने वाले दिनों में यह देश का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर बनेगा। जैसे ही वह मैदान में उतरता तो चारों और से उसी के नाम की गूंज होती थी। देश के लोगों के मन में उसके प्रति आशा और उत्साह जागृत हो गया था। वह भी कदम-दर-कदम सफलता की ओर अग्रसर हो रहा था। सभी उसे एक दिन देश के लिए खेलते देखना चाहते थे।
फिर एक दिन वह लड़का अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने गया। तभी रास्ते में अचानक उसकी कार का एक्सीडेंट हो गया। उसकी कमर के नीचे का हिस्सा पेरेलाइज्ड हो चुका था। उसका इलाज चला लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि खेलना तो दूर अब यह लड़का चल भी सकेगा या नहीं यह भी कह नहीं सकते हैं। लंबे समय तक वह बिस्तर पर ही पड़ा रहा। देश के साथ ही उसका भी सपना टूट गया था। तब वह लड़का 20 साल का था।
कई दिनों का दर्द झेलने के बाद फिर एक दिन उस लड़के ने एक गिटार मंगवाया। अब वह गिटार बजाकर अपना दर्द भूलने लगा था। कुछ समय के बाद ही वह गिटार बजाने के साथ ही गाने भी लगा और गाने लिखने भी लगा। करीब 4-5 साल बाद एक सिंगिंग कॉम्पिटिशन हुई जिसमें उसने 'लाइफ गोज ऑन द सेम' गाया गाया और फर्स्ट प्राइज जीत लिया।
बस इसके बाद उस लड़के ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और संगीत की दुनिया में अब उसका नाम 10 बड़े गायकों में शूमार हो चुका था। आश्चर्य यह भी है कि अब तक उसके 1000 से अधिक एल्बम भी आ चुके हैं। आपको जानकर आश्चर्य यह भी होगा कि उस लड़के का नाम है- स्पेन के प्रसिद्ध सिंगर जूलियो इग्लेसियस (Julio Iglesias)। जी हां दोस्तो, वर्ष 1983 में जूलियो ने दुनियाभर में सबसे अधिक भाषाओं में गाने रिकॉर्ड करने का जश्न भी मनाया था। उनके अब तक 30 करोड़ से भी ज्यादा एल्बम बिक चुके थे।
कहते हैं कि यदि एक रास्ता बंद होता है तो हमें निराश नहीं होना चाहिए। दुनिया में हजारों रास्ते हैं जिन पर चलकर हम सफलता हासिल कर सकते हैं।