शहर से 15 किलोमीटर दूर राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन की यह सबसे ऊंची चोटी है। गुरु शिखर समुद्र स्तर से लगभग 1722 मीटर ऊपर बसा हुआ है। इस चोटी पर चढ़ने का और वहां से नजारे देखने का अपना ही लुत्फ है।
इस पहाड़ी स्थल में जगह-जगह खूबसूरत बाग-बगीचे बनाए गए हैं। इनमें अशोक वाटिका, गांधी पार्क, म्युनिसिपल पार्क, शैतान सिंह पार्क और टैरस गार्डन प्रमुख माने जाते हैं।
ब्रह्म कुमारी शांति पार्क : यह उद्यान बहुत ही शांत और खूबसूरत है। इसके प्राकृतिक वातावरण में शांति और मनोरंजन दोनों का एक साथ आनंद लिया जा सकता है। शांति पार्क अरावली पर्वत की 2 विख्यात चोटियों के बीच बना हुआ है। यह पार्क माउंट आबू में ब्रह्म कुमारी मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल है।
माउंट आबू के पर्यटन कार्यालय से 1.5 किलोमीटर दूर सनसेट पॉइंट है, जो कि बहुत लोकप्रिय है। यहां सूर्यास्त के दृश्य को देखने के लिए हर शाम भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। चाहें तो आप यहां घोड़े से भी जा सकते हैं। यहां के रेस्तरां और होटलों में लोगों की भीड़ रहती है।
हनीमून पॉइंट : गणेश रोड से 2.5 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में हनीमून पॉइंट है, जिसे अंद्रा पॉइंट भी कहते हैं। यह पॉइंट हरीभरी घाटियों और मैदानों का मोहक दृश्यों से घिरा हुआ है। खासतौर पर शाम के समय नक्की झील के पास से जाना बड़ा ही खुशगवार लगता है। इसके अलावा यहां कई ऐसे पॉइंट हैं, जहां से आप इस सारे क्षेत्र की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।
संग्रहालय और कला वीथिका : इस संग्रहालय की आकर्षक वस्तुओं में छठी शताब्दी से 12वीं शताब्दी तक की देवदासियों और नर्तकियों की नक्काशी की हुई श्रेष्ठ मूर्तियां हैं। यह संग्रहालय दो भागों में बंटा हुआ है।
पहले भाग में स्थानीय आदिवासियों की झोपड़ी का चित्रण है। इसमें उनकी सामान्य जीवन शैली दर्शाई गई है। उनके हथियार, वाद्ययंत्र, महिलाओं के जेवर, कान के झुमके और परिधान वगैरह यहां रखे गए हैं।
दूसरे भाग में नक्काशी की कुछ वस्तुएं रखी गई हैं। और राग-रागनियों पर आधारित कई लघु चित्र, सिरोही की कई जैन मूर्तियां, दरम्याने आकार की ढालें रखी गई हैं।
कैसे पहुंचे :- रेल मार्ग से : आबू रोड पर बने रेलवे स्टेशन से माउंट आबू तक आने तक 2 घंटे का समय लगता है। पश्चिम और उत्तर रेलवे की लंबी दूरीवाली महत्वपूर्ण गाड़ियां यहां अवश्य ठहरती हैं। यह अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर और जोधपुर से जुड़ा है। माउंट आबू की पहाड़ से 50 मील उत्तर-पश्चिम में भिन्नमाल स्थित है।
हवाई मार्ग से : उदरपुर हवाई अड्डा इसके सबसे नजदीक है। यह माउंट आबू से 185 किलोमीटर दूर है। यहां से पर्यटक सड़क मार्ग से माउंट आबू तक जा सकते हैं।
सड़क मार्ग से : माउंट आबू सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है। यह नेशनल हाइवे नंबर 8 और 14 के नजदीक है। एक छोटी सड़क इस शहर को नेशनल हाइवे नंबर 8 से जोड़ती है। दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से माउंट आबू के लिए सीधी बस सेवा है। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें दिल्ली के अलावा अनेक शहरों से माउंट आबू के लिए अपनी सेवाएं मुहैया कराती हैं। अच्छी सड़कें होने के कारण टैक्सी से भी जा सकते हैं।
कहां ठहरें : यहां 5 सितारा होटल की सुविधावाले होटल नहीं है, लेकिन 2-4 सितारोंवाले होटल अच्छे हैं। इसके अलावा गेस्ट हाउस में भी ठहरा जा सकता है।