Hanuman Chalisa

प्रकृति प्रदत्त वाणी एवं मनुष्य कृत भाषा!

अनिल त्रिवेदी (एडवोकेट)
मनुष्यों को जन्म के साथ ही प्राकृतिक रूप से वाणी मिलती है। मनुष्येतर अन्य जीवों को भी वाणी तो किसी न किसी रूप में मिलती ही है पर मनुष्यों ने जिस रूप-स्वरूप में वाणी द्वारा भाषाओं और संगीत को अपने जीवन को अभिव्यक्त करने वाले साधन के रूप में विस्तार दिया यह बिन्दु मानव सभ्यता के विकास और विस्तार का मूल है। मनुष्यों द्वारा अपने मुख से निकली ध्वनि के माध्यम से वाणी को विभिन्न भाषाओं में विकसित करना पृथ्वी के मनुष्यों का सबसे बड़ा सामूहिक कृतित्व, पुरुषार्थ या पराक्रम माना जा सकता है। वाणी, बुद्धि और विवेक के साथ ही सुनने की क्षमता अगर मनुष्य के पास न हो तो मनुष्य बोल ही नहीं पाता।

वाणी होते हुए भी मनुष्य बोलना न चाहे या मौन रहना चाहे तो यह भी मनुष्य की अपनी प्राकृतिक शक्ति है। यही बात या ध्वनि सुनने को लेकर भी है। श्रवणेन्द्रिय सुनने के लिए है, पर सुनना, न सुनना यह मनुष्य की इच्छा पर है। आंखें देखने के लिए हैं जिसे हम दृष्टि की संज्ञा देते हैं पर इस देखने की क्षमता से अलग मनुष्य के पास एक अन्तर्दृष्टि भी होती है, जिसे मन की आंखों से देखा, सोचा या प्रत्यक्षीकरण किया जा सकता है। अन्तर्दृष्टि के लिए न तो प्रकाश की जरूरत होती है न आंखों की, केवल सोच-समझ और कल्पना शक्ति से निराकार रूप से सारा कुछ सोचा-समझा और मन-ही-मन प्रत्यक्षीकरण किया जाता है। साकार बातें देखने के लिए इन्द्रियों की या ज्ञानेंद्रियों की क्रियाशीलता जरूरी है, पर निराकार कल्पना मन और बुद्धि का खेल है।
     
प्रकृति प्रदत्त ज्ञानेंद्रियों और मनुष्य की सृजनात्मक एवं विध्वंसात्मक प्रवृत्तियों की निरंतर जुगलबंदी ने आज की दुनिया को एक ऐसे मुकाम पर पहुंचा दिया है कि जहां तक पहुंचकर हम समूची सभ्यता की सृजनात्‍मक शक्ति बढ़ा और नष्ट-भ्रष्ट भी  कर सकते हैं। हम अब वापस पुनः प्रागैतिहासिक सभ्यता में कोई एक व्यक्ति या समूचा मानव जगत भी नहीं पहुंच सकता। फिर भी आदिम से लेकर आज तक की कई सभ्यताएं एकसाथ इस पृथ्वी पर कहीं-न-कहीं अपने मूल अस्तित्व को बचाए रखने का अंतहीन संघर्ष करती दिखाई पड़ सकती हैं। मनुष्य कृत सभ्यताओं की समूची कहानी मनुष्य के सोच-विचार और कृतित्व का कमाल है।

प्रागैतिहासिक काल से लेकर आज तक और भविष्य में भी मनुष्य ने अपने जीवन में निरंतर बदलाव करते रहने की दिशा में निरंतर बढ़ते रहकर सृजनात्मक प्रवृत्तियों को अपने जीवन का अनिवार्य अंग बनाया है, जो आज के और भविष्य के मनुष्य के सामने एक तरह से नित नई चुनौतियों की तरह आ खड़ा हुआ है। पर मनुष्य को सृजनात्मक और विध्वंसात्मक प्रवृत्तियों, दोनों को अपनाने में शायद एक अलग तरह का आनंद आता है। निरंतर चुनौतियां सामने न हों तो मानव सभ्यता को आगे बढ़ने का अवसर ही न मिले, यह सिद्धांत भी सामान्य रूप से माना जा सकता है।
    
मनुष्य की वाणी मूलतः ध्वनि के रूप में तो प्रायः एक समान ही प्रतीत होती है पर किस समय, किस रूप-स्वरूप और भाव के साथ वाणी का प्रयोग हुआ है, यह वाणी का प्रयोग करने वाले और वाणी को सुनने वाले मनुष्य के मध्य वाणी के प्रत्यक्षीकरण को निर्धारित करता है। भाषा से अपरिचित अबोध बालक अपने माता या पिता या अन्य निकटवर्ती मनुष्यों के भाव और आशय को समझने की प्राकृतिक क्षमता रखता है। यह समूचे मनुष्य जीवन या सभ्यता की अनोखी ज्ञान क्षमता है। तो क्या दृष्टि से मिलने वाले अबोध बालक के ज्ञान और समझ की क्षमताओं के विकास का मूल मनुष्य की देखने, सुनने और समझने की क्षमताओं या प्रत्यक्षीकरण से प्रारंभ होती है? यह भी हमारे सोच-समझ का एक महत्वपूर्ण आयाम है।
   
मानव सभ्यता में भाषाओं से ही समूची ज्ञान यात्रा का उदय हुआ और साहित्य संस्कृति और सृजनात्मक सभ्यता के अंतहीन आयामों का रूप स्वरूप मानव सभ्यता के स्थाई भाव बने। पर भाषा का ध्वनि स्वरूप और लिपि स्वरूप भी मानवीय सभ्यता का एक महत्वपूर्ण आयाम है। लिपि से जो ज्ञान यात्रा प्रारंभ हुई उसने समाज को दो रूप-स्वरूपों में विभाजित कर दिया। पढ़े-लिखे और बिना पढ़े-लिखे। बिना पढ़े-लिखे मनुष्य भाषा के ध्वनि स्वरूप को तो अच्छे से समझते, जानते और बोलते हैं, पर लिपि स्वरूप को नहीं जानते या पढ़ पाते। इस तरह ज्ञान की इस परंपरा में मानव समाज में पुनः एक भेद का उदय हुआ पढ़े-लिखे और बिना पढ़े-लिखे या निरक्षर मनुष्य।

ज्ञान मनुष्य समाज को निश्चित ही विकसित करने में मदद करता है, पर अज्ञात और अज्ञान भी मनुष्य समाज को और अधिक खोजने की दिशा में प्रेरित करता है।ज्ञान-अज्ञान और अज्ञात तीनों को ही समूची मानवीय सभ्यता की मूल आधारभूमि की तरह से ही समझा, सोचा और माना जाना चाहिए। मानव सभ्यता ज्ञानेंद्रियों और मनुष्य निर्मित अंतहीन विचारों की अनोखी श्रृंखला हैं, जो साकार और निराकार जगत की चेतना से सदियों से मानव सभ्यता की तरंगों को आगे भी बढ़ा रहा है और कालक्रमानुसार लुप्त भी कर रहा है।

सम्बंधित जानकारी

Show comments
सभी देखें

जरुर पढ़ें

किडनी की सफाई के लिए 3 घरेलू उपाय, डॉक्टर की सलाह से आजमाएं

Summer diet plan: गर्मी से बचने के लिए जानें आयुर्वेदिक पेय और डाइट प्लान

Nautapa and health: नौतपा में ऐसे रखें सेहत का ध्यान, जानें 10 सावधानियां

Nautapa 2026: नौतपा क्या है? जानें इसके कारण और लक्षण

cold water: ज्यादा ठंडा पानी पीना सही है या गलत? जानें सच

सभी देखें

नवीनतम

World Telecommunication Day 2026: विश्व दूरसंचार दिवस क्यों मनाया जाता है?

International Family Day: अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस, जानें डिजिटल युग में परिवार के साथ जुड़ाव बनाए रखने के तरीके

किडनी की सफाई के लिए 3 घरेलू उपाय, डॉक्टर की सलाह से आजमाएं

Watermelon Granita: तरबूज के छिलकों को फेंकने से पहले देखें यह रेसिपी, बन जाएगी शानदार डिश

Lord Shantinath jayanti: जैन धर्म के 16वें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ की जयंती

अगला लेख