राहुल केवल आकाशवाणी करते हैं : नरेन्द्र मोदी

Webdunia
रविवार, 29 दिसंबर 2013 (18:25 IST)
रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर रविवार को राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि महंगाई एवं भ्रष्टाचार को थामने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा और कांग्रेस नेता बस ‘आकाशवाणी’ कर रहे हैं।
FILE


मोदी ने यहां एक रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष की कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ दिल्ली में शुक्रवार को हुई बैठक का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की। उस बैठक में राहुल गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से महंगाई थामने और लोकपाल एवं लोकायुक्त विधेयक की तर्ज पर लोकायुक्त कानून लागू करने का आह्वान किया था। कांग्रेस नेता ने आदर्श सोसायटी घोटाले की आयोग द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट खारिज करने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले से असहमति जताई थी।

मोदी ने रविवार को राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि प्राचीनकाल में लोग आकाशवाणी सुनते थे और आकाशवाणी इस तरह आती थी कि मानो वे (आकाशवाणी करने वाले) अपने आसपास होने वाली घटनाओं से अनजान हों...। आज भी ऐसी ही आकाशवाणी हो रही है कि मुख्यमंत्री यह करेंगे, मुख्यमंत्री यह नहीं करेंगे।

जो लोग भ्रष्टाचार में शामिल हैं... यदि आकाशवाणी करने वाले लोगों के शब्दों में ईमानदारी है तो उन्हें इस बात का ख्याल करना चाहिए कि झारखंड में कांग्रेस के अंतर्गत ही भ्रष्टाचार कैसे पनपा।

मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस नेता भी वही कर रहे हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी देश के लिए बोझ और संकट बन गई है क्योंकि उसका जनता से संपर्क टूट गया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी, उसकी सरकारें और उनके नेता लोगों की आवाज नहीं सुनते..लोग आज विकास चाहते है विभाजन नहीं, वे मौका चाहते हैं राजनीतिक अवसर नहीं, वे सुरक्षा चाहते हैं सांप्रदायिकता का जहर नहीं।

महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर प्रहार करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल पहले महंगाई पर मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करने के बावजूद सरकार अबतक इस दिशा में कोई कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक समिति का प्रमुख बनाया गया था जिसे महंगाई थामने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की सिफारिश करनी थी।

उन्होंने कहा संप्रग और कांग्रेस शासित राज्यों के दो अन्य मुख्यमंत्री भी उसमें थे। हमने 62 व्यावहारिक बिंदु बताए और 20 पहलों की सिफारिश की। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने अच्छा काम किया। लेकिन ढाई साल बीत गए अबतक कोई कदम नहीं उठाया गया। केंद्र सरकार पंगु हो गई है।

पिछले सप्ताह मुम्बई रैली में मोदी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राहुल गांधी पर प्रहार किया किया था। दिल्ली में फिक्की के एक कार्यक्रम में राहुल द्वारा दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा था, मैंने कल कांग्रेस के एक बड़े नेता का भाषण सुना था। वह भ्रष्टाचार के खिलाफ बातें कर रहे थे। उनका साहस तो देखिए। कोई दूसरा ऐसा साहस नहीं कर सकता। ये लोग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं। उसके बावजूद वे निर्दोष सा चेहरा लेकर सामने आते हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ बातें करते हैं।

केंद्र में कांग्रेस नीत सरकार पर पृथक झारखंड राज्य बनाने की मांग की अनसुनी करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने आज कहा कि जनता की आवाज अनसुनी कर दी गई और कई बार तो उसे दबा भी दिया गया। झारखंड राज्य बनाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य विकास के मामले में पीछे छूट गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड साथ ही बने थे। झारखंड गैर भाजपा सरकार की नीतियों की वजह से विकास में पिछड़ गया।


मोदी ने कहा कि यदि झारखंड 2014 के आम चुनाव में अपनी सभी 14 लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में डाल देता है तो पार्टी के लिए केंद्र में अगली सरकार बनाना आसान होगा। उन्होंने कहा, इससे राज्य का विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार को राज्य के विकास में दिलचस्पी नहीं है। झारखंड कोयला का उत्पादन करता है जबकि यहां बिजली संयंत्र नहीं हैं।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कोयला बिजली संयंत्रों के लिए राज्य से निर्यात किया जाता है..झारखंड में बिजली संयंत्र स्थापित किया जाना चाहिए और अन्य राज्यों को बिजली की आपूर्ति की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कोई भी विशेषज्ञ कहेगा कि इस तरह के संसाधनों से संपन्न राज्य किसी विकसित देश के समकक्ष हो सकता है..जबकि ऐसा राज्य अब भी गरीब है। इससे पहले रैली में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जासूसी प्रकरण पर जांच आयोग गठित करने के लिए केंद्र की आलोचना की।

उन्होंने कहा जैसे ही आरोप लगे, मोदी ने स्वयं ही जांच का आदेश दिया। यह परंपरा रही है कि यदि राज्य पहले ही जांच पैनल घोषित कर देता है, तो केंद्र नया आयोग नहीं बनाता है। मोदी ने दावा किया कि गुजरात में केवल एक दंगा हुआ लेकिन वे मोदी को सांप्रदायिक बताते रहे अब अहमदाबाद की एक अदालत ने उन्हें पाक साफ करार दिया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

Show comments

जरूर पढ़ें

तेरहवीं के दिन प्रकट हो गए 'लापता' प्रयागराज के अड्‍डेबाज खूंटी गुरु

चीन को क्यों चुभ रही है नरेन्द्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती

Russian Beer कैन पर गांधी जी की फोटो, मचा बवाल, सोशल मीडिया पर गुस्‍से में भारतीय, जानिए क्‍या है विवाद?

अमेरिका में मोदी का मंत्र, मेक इंडिया ग्रेट अगेन

अमेरिका ने छेड़ा टैरिफ वॉर, क्या होगा भारत पर असर

सभी देखें

नवीनतम

Maharashtra : गढ़चिरौली में 38 लाख के इनामी 3 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 2022 से 53 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

चीन को क्यों चुभ रही है नरेन्द्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती

कौन होगा नया CEC, राजीव कुमार हो रहे रिटायर, अगले हफ्ते हो सकती है बैठक

आंध्र में युवती पर चाकू से किए 7 वार, तेजा‍ब से किया हमला, जानिए क्‍या है मामला...

Indore : महू जेल में शख्‍स की हुई जमकर पिटाई, वीडियो हुआ वायरल, जेल विभाग ने दिए जांच के आदेश