Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

चार महीने के प्रशिक्षण के बाद अग्निवीरों का पहला बैच सेवा देने के लिए तैयार, नौसेना प्रमुख ने किया परेड का निरीक्षण

हमें फॉलो करें चार महीने के प्रशिक्षण के बाद अग्निवीरों का पहला बैच सेवा देने के लिए तैयार, नौसेना प्रमुख ने किया परेड का निरीक्षण
, मंगलवार, 28 मार्च 2023 (23:19 IST)
चिलिका/नई दिल्ली। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अग्निपथ के तहत भर्ती किए गए 2,585 अग्निवीर कड़े प्रशिक्षण के बाद मंगलवार को नौसेना में विधिवत रूप से शामिल हो गए और इनमें 272 महिला भी शामिल हैं। नौसेना में भर्ती किए गए इन अग्निवीरों की दीक्षांत परेड ओडिशा स्थित नौसैनिक केंद्र आईएनएस चिल्का में दक्षिणी नौसैना कमान के तत्वाधान में हुई।
 
ओडिशा में भारतीय नौसेना के आईएनएस-चिल्का पर मंगलवार को 2,585 अग्निवीरों के पहले बैच की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। 4 महीने के लंबे प्रशिक्षण के पूरा होने के बाद यह अग्निवीर अब अपनी सेवा देने के लिए तैयार हैं।
 
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरिकुमार ने परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर अपने जमाने की प्रख्यात धाविका तथा राज्यसभा सदस्य पीटी उषा और जानी-मानी क्रिकेट खिलाड़ी मिताली राज भी मौजूद 
थीं।
 
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने पासिंग आउट परेड में नए रंगरूटों से सलामी ली, जो सूर्यास्त के बाद आयोजित की गई थी। भारतीय सशस्त्र बलों में पहली बार पासिंग आउट सूर्यास्त के बाद आयोजित की गयी। परंपरागत रूप से, पासिंग आउट परेड सुबह में आयोजित की जाती है।
 
नौसेना में शामिल होने वाले अग्निवीरों का यह पहला बैच है और इन्हें 16 सप्ताह का कड़ा प्रशिक्षण दिया गया है। एडमिरल हरि कुमार ने अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी विधा में अपने कौशल को निखारें तथा नौसेना को मजबूत बनाने के साथ-साथ अपने करियर में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। उन्होंने अग्निवीरों से कहा कि वे नौसेना के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्रनिर्माण में योगदान दें। नौसेना प्रमुख ने इस मौके पर अव्वल रहने वाले अग्निवीरों को पदक और ट्रॉफी भी प्रदान की।
 
आईएनएस- चिल्का भारतीय नौसेना के अग्निवीरों के लिए प्रमुख बुनियादी प्रशिक्षण प्रतिष्ठान है और एक व्यापक प्रशिक्षण व्यवस्था द्वारा रंगरूटों को प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान करता है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद पीटी उषा और क्रिकेटर मिताली राज ऐतिहासिक कार्यक्रम में उपस्थित थे। प्रशिक्षण पूरा कर पास होने वालों में 272 महिला अग्निवीर हैं।
 
इस अवसर पर अग्निवीरों को संबोधित करते हुए नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि मैं आपको (अग्नीवीर) विश्वास दिलाता हूं कि आप जहां भी जाएंगे, जीवन में किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए आत्मविश्वास और प्रेरणा के साथ पूरी तरह तैयार रहेंगे।
 
भारतीय नौसेना प्रमुख ने पासिंग आउट अग्निवीरों से अपना कर्तव्य निभाने और इसे अच्छी तरह से करने के लिए कहा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अग्निवीर जीवन की सभी चुनौतियों का पूरे विश्वास के साथ सामना करेंगे।
 
नौसेना प्रमुख ने कहा कि आप बड़े पैमाने पर देश की सेवा करने का अवसर पाने के लिए भाग्यशाली हैं। मुझे यह भी विश्वास है कि अगर किसी दुश्मन देश से कोई चुनौती आती है तो आप उन्हें करारा जवाब देने में सक्षम होंगे। एडमिरल कुमार ने नौसैनिकों से राष्ट्र निर्माण के लिए नौसेना के कर्तव्य, सम्मान और साहस के मूल मूल्यों को बनाए रखने का भी आग्रह किया।(वार्ता/भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

राहुल गांधी की 'अयोग्यता' को लेकर कांग्रेस ने निकाला मशाल शांति मार्च, कई नेता हिरासत में