Publish Date: Thu, 10 Oct 2024 (16:31 IST)
Updated Date: Thu, 10 Oct 2024 (16:51 IST)
Atishi News: आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को नई दिल्ली में कुछ तस्वीरें साझा कर दावा किया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) अपने कालकाजी स्थित आवास पर सामान के कार्टन के बीच फाइलों पर दस्तखत कर रही हैं। इससे एक दिन पहले पार्टी ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय राजधानी के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को 'जबरन खाली' कराया गया है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए 'आप' नेता संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाने पर लिया और कहा कि वह दिल्ली के लोगों के लिए काम करने के आतिशी के जज्बे को नहीं छीन सकती। उन्होंने भाजपा पर नवरात्रि में एक महिला मुख्यमंत्री का सामान उनके 'घर' से फिंकवाने का भी आरोप लगाया।
ALSO READ: दिल्ली का CM हाउस शीशमहल सील, मुख्यमंत्री आतिशी का सामान बाहर निकाला
सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा पर 'मुख्यमंत्री आवास' पर 'जबरन कब्जा करने' का प्रयास करने का आरोप लगाया। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि यह एक चुनी हुई महिला मुख्यमंत्री और दिल्ली की जनता का घोर अपमान है। 27 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर रहने वाली पार्टी मुख्यमंत्री के घर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रही है।'
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपराज्यपाल वी.के सक्सेना के कहने पर आतिशी का सामान बंगले से हटा दिया गया। दक्षिण दिल्ली में अपने विधानसभा क्षेत्र कालकाजी में रहने वाली आतिशी को पिछले साल तत्कालीन अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद मथुरा रोड पर एबी-17 बंगला आवंटित किया गया था।
ALSO READ: सोनम वांगचुक से मिलने से रोका, दिल्ली CM आतिशी नाराज
फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को लेकर 'आप', भाजपा, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। 'आप' ने दावा किया है कि यह बंगला मुख्यमंत्री का आवास है, जिसे केजरीवाल ने विधिवत खाली कर दिया था और बाद में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने इसकी चाबियां मुख्यमंत्री आतिशी को सौंप दी थीं।
दूसरी ओर उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने दावा किया है कि फ्लैगस्टाफ रोड वाला बंगला मुख्यमंत्री का निर्धारित आवास नहीं है और यह अब तक आतिशी को आवंटित नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नए आवंटन के लिए बंगले के अंदर रखी वस्तुओं की सूची तैयार करने के बाद इसे मुख्यमंत्री को सौंप दिया जाएगा।
ALSO READ: दिल्ली की CM आतिशी ने लिया बड़ा फैसला, 18 हजार से कम नहीं होगी किसी की सैलरी
भाजपा ने 'आप' और केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वे बंगले को उचित तरीके से सौंपे बिना और नए आवंटन के बिना आतिशी को वहां लाकर "अवैध रूप से कब्जा" करने की कोशिश कर रहे हैं।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें