Publish Date: Thu, 29 Sep 2022 (08:02 IST)
Updated Date: Thu, 29 Sep 2022 (08:14 IST)
रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी को टाइम पत्रिका ने टाइम100 नेक्स्ट की सूची में शामिल किया है। वह इस सूची में शामिल एकमात्र भारतीय हैं। उन्हें लीडर्स कैटेगरी में चुना गया है।
आकाश अंबानी के बारे में टाइम मैगजीन का कहना है कि वे बिजनेस बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने गूगल और फेसबुक के साथ अरबों डॉलर की निवेश डील पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उल्लेखनीय है कि टाइम 100 नेक्स्ट में उद्योगों और दुनिया भर के ऐसे 100 उभरते सितारों को स्थान दिया जाता है, जो दुनिया को बेहतर करने और भविष्य को परिभाषित करने के असाधारण प्रयास करते है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन नीता अंबानी के पुत्र आकाश को लीडर श्रेणी के तहत सूची में शामिल किया गया है। 30 वर्षीय आकाश को इस साल जून में भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी जियो के चेयरमैन के रूप में पदोन्नत किया गया था। कंपनी के 42.6 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं।
इस सूची में अमेरिका की गायिका एसजेडए, अभिनेत्री सिडनी स्वीनी, बास्केटबॉल खिलाड़ी जा मोरेंट, स्पेन के टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज, अभिनेता और टेलीविजन हस्ती केके पामर और पर्यावरण कार्यकर्ता फरविजा फरहान भी इस सूची में शामिल हैं।