khatu shyam baba

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जामा मस्जिद पर भीम आर्मी ने किया CAA का विरोध, चंद्रशेखर हिरासत में

Advertiesment
Bhim army
नई दिल्ली। भीम आर्मी के प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ शुक्रवार को जामा मस्जिद के पास प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने आजाद को इसकी अनुमति नहीं दी थी।
 
हाथों में तिरंगा और बैनर पकड़े प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी की। बैनरों पर ‘संविधान बचाओ’ जैसे नारे लिखे थे। लोग जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर जमा हुए और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए तथा ‘सारे जहां से अच्छा’ गीत गाया। इन लोगों पर ड्रोन विमानों से नजर रखी गई। प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों के हाथों में भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और भगत सिंह की तस्वीरें भी थीं।
 
गुरुवार को राजधानी दिल्ली में हुए बड़े प्रदर्शनों के बाद आज यह प्रदर्शन पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भीम आर्मी के नेतृत्व हुआ। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा कारणों और निषेधज्ञा के बावजूद गुरुवार को हजारों की संख्या में छात्रों, कार्यकर्ताओं और विपक्ष के नेताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया था।
 
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी दिल्ली में समाज के सभी तबके के लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद हिरासत में : भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को शुक्रवार को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक मार्च निकालने के दौरान दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया।
 
भीम आर्मी ने दावा किया कि पुलिस ने आजाद को जामा मस्जिद में हिरासत में लेने की कोशिश की लेकिन वह बचकर निकल गए। हालांकि बाद में उन्हें दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया।

पुरानी दिल्ली में यातायात जाम : संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ शुक्रवार दोपहर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा जामा मस्जिद के पास प्रदर्शन किए जाने से पुरानी दिल्ली में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में बड़ी दिक्कत हुई। जामा मस्जिद और लाल किले की ओर जाने वाली सड़कों पर भयंकर जाम नजर आया।

दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद : दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर शुक्रवार को कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। डीएमआरसी ने ट्वीट किया है, 'दिल्ली गेट (मेट्रो स्टेशन) के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। ट्रेन स्टेशन पर नहीं रुकेगी।' जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर में भी ट्रेन नहीं रुकेगी। इससे पहले चावड़ी बाजार, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए थे।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

तिरंगा थामे युवा बने पुलिस की ढाल, हिंसक भीड़ से बचाया