Publish Date: Fri, 18 Nov 2022 (07:45 IST)
Updated Date: Fri, 18 Nov 2022 (07:55 IST)
नई दिल्ली। 2007 से ही MCD की सत्ता पर काबिज भाजपा ने लगातार चौथी बार दिल्ली नगर निगम की सत्ता में वापसी के लिए 60 से ज्यादा स्टार प्रचारकों की लंबी सूची तैयार की है। इसमें पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह का नाम भी शामिल है। पार्टी नेताओं के अनुसार, 20 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी के सभी जिलों में रोड शो के साथ चुनाव प्रचार में तेजी आएगी। प्रत्येक रोड शो कम से कम 1.5 किलोमीटर लंबा होगा।
दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव में राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, किरेन रीजीजू और अनुराग ठाकुर सहित अन्य केन्द्रीय मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद सूची जारी की जाएगी।
दिल्ली में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दक्षिण भारतीय राज्यों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों के रहने वाले गैर-हिन्दी भाषी लोगों तक पहुंचने के लिए पार्टी ने शहर के विभिन्न हिस्सों में 250 लघु जनसभाएं करने की योजना बना रही है।
एमसीडी चुनाव प्रचार से जुड़े भाजपा के एक अन्य नेता ने कहा कि आरके पुरम, सीआर पार्क, सत्य निकेतन और दक्षिण दिल्ली के मुनिरका आदि में इन क्षेत्रों के लोगों की आबादी काफी है। उन्होंने कहा कि नड्डा और शाह की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक के बाद प्रचार अभियान 21 से 23 नवंबर के बीच शुरू होने की संभावना है।
पार्टी के नेताओं ने कहा, पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व शर्मा सहित अन्य लोगों से मंजूरी मांगी है।
नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच होनी है। MCD चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा, मतगणना 7 दिसंबर को की जाएगी।
Edited by : Nrapendra Gupta (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 18 Nov 2022 (07:45 IST)
Updated Date: Fri, 18 Nov 2022 (07:55 IST)