Publish Date: Mon, 18 Feb 2019 (12:22 IST)
Updated Date: Mon, 18 Feb 2019 (12:30 IST)
नई दिल्ली। आमतौर पर अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले तेलंगाना के भाजपा विधायक टी. राजासिंह ने पुलवामा हमले के बाद टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा पर निशाना साधा है।
पुलवामा हमले पर गुस्सा जाहिर करते हुए राजा ने कहा कि सानिया मिर्जा पाकिस्तान की बहू हैं, इसलिए उन्हें तेलंगाना के ब्रांड एम्बेसेडर पद से हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीवी सिंधू, सायना नेहवाल और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ियों को राज्य का एंबेसेडर बनाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक की शादी 2010 में हुई थी और सानिया ने हाल में हैदराबाद में एक बच्चे को भी जन्म दिया है। हालांकि सानिया हमेशा कहती रही हैं कि वे टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व करती रहेंगी।