Publish Date: Wed, 07 Jul 2021 (23:32 IST)
Updated Date: Wed, 07 Jul 2021 (23:50 IST)
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिपरिषद विस्तार के बाद अब केंद्र सरकार में पूर्वोत्तर से 2 कैबिनेट और 3 राज्य मंत्री हो गए हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्वोत्तर की 25 में से 14 सीटें जीती थीं।
असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है तो किरेन रिजूजू को पदोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। रिजिजू अरुणाचल प्रदेश से लोकसभा सदस्य हैं।
त्रिपुरा से लोकसभा सदस्य प्रतिमा भौमिक, मणिपुर से लोकसभा सांसद राजकुमार रंजन सिंह को मंत्री बनाया गया है। असम से रामेश्वर तेली पहले ही मोदी सरकार में मंत्री हैं।
कर्नाटक से 4 नए चेहरे केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए शामिल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बुधवार को कर्नाटक के 4 नए चेहरों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करने और रसायन एवं उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा के इस्तीफे के बाद केन्द्रीय मंत्रिमंडल में राज्य के प्रतिनिधियों की संख्या अब 6 हो गई है।
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए राज्य के सभी क्षेत्रों की प्रगति के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। येदियुप्पा ने ट्वीट किया, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलजे, ए नारायण स्वामी और भगवंत खुबा को कर्नाटक से केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर बधाई।
आइए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राज्य के सभी क्षेत्रों की और प्रगति के लिए मिलकर काम करें।नए मंत्रियों के अलावा कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, संसदीय कार्यमंत्री, कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य हैं। जोशी धारवाड़ से सांसद हैं।(भाषा)