Publish Date: Thu, 01 Dec 2022 (08:22 IST)
Updated Date: Thu, 01 Dec 2022 (08:32 IST)
वाशिंगटन। चीनी सेना ने एक बार फिर वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चौकियां बना ली है। अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि भारत के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीन द्वारा सैन्य चौकी का निर्माण किया जाना अपने पड़ोसियों के प्रति चीनी आक्रामकता का चिंताजनक संकेत है।
कृष्णमूर्ति ने कहा कि भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की एक नयी चौकी संबंधी खबर बीजिंग की बढ़ती क्षेत्रीय आक्रामकता का एक और चिंताजनक संकेत है, जो अमेरिका द्वारा भारत और अन्य सुरक्षा साझेदारों के साथ संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने की आवश्यकता को दोहराता है।
समाचार पत्र पॉलिटिको ने बुधवार को दावा किया कि चीन ने भारत के साथ अपनी विवादित सीमा के पास एक सैन्य चौकी बनाई है।
भारत की चीन के साथ तीन हिस्सों में 3,488 किमी लंबी सीमा लगती है। भारत और चीन के बीच मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में टकराव शुरू हुआ था। जून 2020 में ही गलवान घाटी में भारतीय सेना और पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (PLA) के बीच हुई झड़प में भारत के 20 सैनिक मारे गए थे। दोनों देशों के बीच कई राउंड वार्ता हो चुकी है।
जुलाई 2022 में 16वें दौर की कमांडर लेवल वार्ता में चीन ने वादा किया था कि उसकी सेनाएं पीछे हटेंगी लेकिन यह नया घटनाक्रम परेशान करने वाला है।
Edited by : Nrapendra Gupta