Publish Date: Tue, 03 Apr 2018 (15:07 IST)
Updated Date: Tue, 03 Apr 2018 (15:14 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इराक के मोसुल में मारे गए भारतीयों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मोदी ने मंगलवार को यहां इस आशय की घोषणा की।
इराक में निर्माण मजदूर के रूप में कार्य करने के लिए 2014 में गए 40 भारतीयों का आतंकी संगठन आईएस ने अपहरण किया था। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पिछले महीने संसद में खुलासा किया था कि 39 बंधकों को मार दिया गया है।
इनमें पंजाब से 27, हिमाचल से चार, बिहार से छह और एक पश्चिम बंगाल से है। इराक में मारे गए भारतीयों के पार्थिव अवशेषों को लेकर एक विशेष विमान कल स्वदेश लाया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 38 लोगों के पार्थिव अवशेष लाए गए हैं। पंजाब सरकार ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। (वार्ता)