Publish Date: Wed, 14 Aug 2024 (05:00 IST)
Updated Date: Tue, 13 Aug 2024 (22:07 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस (Congress) ने मंगलवार को फैसला किया कि वह अदाणी समूह से जुड़े 'महाघोटाले' की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के गठन और जाति जनगणना कराने की मांग तथा संविधान के सम्मान को लेकर देशव्यापी जनांदोलन शुरू करेगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और लोकसभा में नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ महासचिवों, राज्य प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुखों की बैठक में यह फैसला किया गया।
बैठक के बाद खरगे ने बेरोजगारी, महंगाई और 'संविधान पर हमले' को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी नीत सरकार पर निशाना साधा और उस पर देश के गरीबों एवं मध्य वर्ग के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बेलगाम बेरोजगारी और अनियंत्रित मुद्रास्फीति तथा घरेलू बचत में कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर पार्टी ने ध्यान केंद्रित किया है।
खरगे ने आरोप लगाया कि संविधान पर हमला लगातार जारी है। खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमारे किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हमारे देशभक्त युवाओं पर थोपी गई अग्निपथ योजना को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने रेल सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रेलगाड़ियों का पटरी से उतरना आम बात हो गई है जिससे करोड़ों यात्रियों को परेशानी होती है। जलवायु संबंधी आपदाएं और ढहता बुनियादी ढांचा भी चिंता का कारण है।
कांग्रेस की इस बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि अदाणी महाघोटाले की जांच के लिए जेपीसी का गठन किया जाए, क्यूंकि इसमें प्रधानमंत्री पूरी तरह से शामिल हैं और इसमें वित्तीय बाजार नियामक द्वारा भी गंभीर रूप से समझौता किए जाने की जानकारी मिली है।
इसमें पार्टी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी जाति जनगणना कराई जाए। भारत के संविधान के प्रति पूरी और सच्ची सम्मान की भावना, विशेष रूप से इसके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के प्रावधानों के संदर्भ में शाब्दिक और वास्तविक रूप से होनी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में देश भर में इन तीनों मुद्दों पर जन आंदोलन अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस ने इस बैठक में भारत सरकार से बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों पर लक्षित हमलों को रोकने और उन्हें सुरक्षा, सम्मान और सद्भाव का जीवन जीने में सक्षम बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाने का आह्वान किया।
पार्टी ने वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया गया तथा अपनी संवेदना व्यक्त की गई। बैठक में इस घटना को 'राष्ट्रीय आपदा' घोषित करने की राहुल गांधी की मांग को पुन: दोहराया गया। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि वह सेबी की प्रमुख माधवी बुच के इस्तीफे और 'अदाणी महाघोटाले' की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग को लेकर आगामी 22 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन करेगी।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें