Publish Date: Wed, 01 Apr 2020 (23:03 IST)
Updated Date: Wed, 01 Apr 2020 (23:06 IST)
जम्मू। कोरोना वायरस की दहशत कितनी है, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इससे बचने की खातिर लोग क्या-क्या तरीके अपना रहे हैं। ऐसे ही एक वाकया में कश्मीर में घोषित लॉकडाउन के बीच घर पहुंचने की लालसा तीन युवकों के लिए मौत का सबब बन गई। हालांकि उनके चार साथी किसी तरह गिरते-पड़ते घर पहुंच गए, परंतु उनमें से एक गंभीर अभी भी जीवन-मृत्यु के बीच जूझ रहा है।
पुलिस के अनुसार बनिहाल के हंजाज गांव के रहने वाले सात युवक लॉकडाउन की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बाद घर के लिए निकल पड़े। रास्ते में पुलिस परेशान न करे, इसलिए इन सभी ने पहाड़ी रास्ता अपनाया।
घर जल्द पहुंचने के लिए ये युवक रातभर बर्फ के बीच पहाड़ी मार्ग पर चलते रहे, सुबह केवल 3 लोग ही अपने घर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस को बताया कि उनके चार साथी बर्फ में फंस गए हैं। लाख कोशिश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में पता चला कि इन युवकों ने अपने घर पहुंचने के लिए बर्फबारी और खतरनाक पहाड़ी रास्ते को अपनाया था।
लिहाजा सूचना मिलते ही एसएचओ आबिद बुखारी बचाव दल के साथ युवकों को ढूंढने के लिए निकल पड़े। घंटों प्रयास के बाद बर्फ में फंसे चारों युवकों को निकाल लिया गया। उन्हें तुरंत बनिहाल उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
एसएचओ ने बताया कि मोहम्मद रियाज पुत्र मोहम्मद रमजान नाम के युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि तीन अन्य की भी हालत गंभीर बनी हुई थी।
(फाइल फोटो)
About Writer
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।....
और पढ़ें