Publish Date: Sat, 25 Jun 2022 (09:58 IST)
Updated Date: Sat, 25 Jun 2022 (10:05 IST)
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार को एक महिला के हाथ बांधकर उसे एक इमारत की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला एक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान रितिका के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि रीतिका विपुल अग्रवाल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। विपुल का पत्नी से तलाक का मुकदमा लंबित है।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उनके फ्लैट पर 3 युवक और 2 महिलाएं आईं थी। अपार्टमेंट के लोगों ने कुछ गिरने की आवाज सुनी, बाहर निकले तो महिला को नीचे खून में सना देखा और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने वारदात में कथित रूप से शामिल 2 महिलाओं सुनीता और सुशीला के साथ आकाश गौतम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही विपुल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।