Publish Date: Thu, 27 May 2021 (13:11 IST)
Updated Date: Thu, 27 May 2021 (13:13 IST)
रांची। चक्रवाती तूफान यास (Cyclone yaas) की वजह से रांची में हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। बुधवार से यहां लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते यहां कई स्थानों पर रास्ते जाम हो गए। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी भर गया है।
जानकारी के मुताबिक वर्षाजन्य हादसों में राज्य में 4 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, कई जगह खंभे उखड़ गए। 'यास' बुधवार रात 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं और भारी बारिश के साथ झारखंड में प्रवेश कर गया है।
चक्रवात के मद्देनजर राज्य में लोगों को अगले 24 घंटे घरों में ही रहने को कहा गया है और कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो के अलावा खूंटी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम लगातार जारी है। अब तक 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा दिया गया है।
झारखंड के आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. अमिताभ कौशल ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'यास' बुधवार रात लगभग 8.30 बजे झारखंड की सीमा में प्रवेश कर गया।
webdunia
Publish Date: Thu, 27 May 2021 (13:11 IST)
Updated Date: Thu, 27 May 2021 (13:13 IST)