Sawan posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

फौजा सिंह की पूरी न हो सकी यह दिली ख्वाहिश, यहां बिताना चाहते थे जिंदगी का अंतिम समय

Advertiesment
हमें फॉलो करें Fauja Singh

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली/ जालंधर , बुधवार, 16 जुलाई 2025 (22:49 IST)
Fauja Singh News : दुनिया के सबसे उम्रदराज़ मैराथन धावक 114 वर्षीय फौजा सिंह की यह दिली ख्वाहिश थी कि वह अपने जीवन का अंतिम समय ब्रिटेन में बिताएं, लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी न हो सकी। ब्रिटेन से एक विशेष खेल कार्यक्रम के लिए पंजाब आए फौजा सिंह ने 2015 में व्यास गांव में विशेष बातचीत में यह इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने इसका कारण भी बताया था। उन्होंने जोर देकर कहा था, यहां(पंजाब) चोर उचक्के हर ओर हैं। पुलिस कुछ कर नहीं पाती। कब किसको चाकू मार देंगे और कहां लूट लेंगे, और कब कौन टक्कर मारकर चला जाएगा, यह कोई नहीं जानता। लंदन में ऐसा नहीं है। इसलिए अंतिम समय वहीं बिताना चाहता हूं।
 
उनकी यह आशंका सही साबित हुई। सोमवार को फौजा सिंह (114) जालंधर स्थित अपने पैतृक गांव ब्यास में जालंधर-पठानकोट राजमार्ग पर सोमवार दोपहर बाद टहलने निकले थे लेकिन उसी समय एक भीषण सड़क हादसे में उनकी जान चली गई।
एक सवाल पर फौजा ने चिढ़कर कहा था, मैं यह कभी नहीं स्वीकार कर सकता हूं कि मैं बुजुर्ग हूं। मैं आपसे अधिक तेज और दूर तक पैदल चल सकता हूं। रही बात अंतिम समय की तो इसके लिए सबसे उपयुक्त जगत ब्रिटेन ही है। फौजा सिंह को जिंदगीभर यह अफसोस सालता रहा कि वह भारत के लिए एक भी पदक नहीं जीत पाए। उन्होंने अपने जीवनकाल में धावक के रूप में जितने भी पदक जीते, वे सब बतौर ब्रिटिश नागरिक उनकी उपलब्धि थे।
 
पठानी कुर्ता और पायजामा पहने अपने घर में बैठे फौजा सिंह ने कहा था, मुझे हमेशा इस बात का अफसोस रहेगा कि मैं जब भी दौड़ा, और जितने भी मेडल लिए, उनमें से एक भी भारत के लिए नहीं था। लोग मुझे ब्रिटिश धावक कहते रहे। यह मुझे ठीक नहीं लगता था। लेकिन क्या कर सकता हूं, मैं ब्रिटिश नागरिक हो चुका हूं।
आह भरते हुए और अपने पदकों को दिखाते हुए फौजा ने कहा था, काश मैं अपने मुल्क इंडिया (भारत) के लिए कोई पदक जीत पाता। यह सब मैंने जीता है लेकिन ये मेरे काम का नहीं है क्योंकि एक भी पदक भारत के लिए नहीं है। दौड़ने का जुनून उनकी रगों में लहू बनकर बहता था। उन्होंने कहा था, मैं जब तक दौड़ न लगा लूं, तब तक सेहत अच्छी नहीं लगती।
 
2015 में उस समय 104 साल के रहे फौजा ने उम्र के इस पड़ाव पर भी अपनी तंदुरुस्ती का राज खोलते हुए कहा था,मैं तंदुरुस्त और पूरी तरह फिट हूं, इसका मूल कारण है- पिन्नी और दिली खुशी। मैं हमेशा खुश रहता हूं और रोज पंजाबी ‘पिन्नी’ खाता हूं।
 
उन्होंने बताया था, पिन्नी खाने के बाद मैं एक गिलास गुनगुना पानी पीता हूं। रात में सोने से पहले एक गिलास दूध और हर मौसम में खाने में दही जरूर खाता हूं। यहां (भारत में) या वहां (ब्रिटेन) मैं कहीं भी रहूं, मैं ये चीजें जरूर खाता हूं और हमेशा प्रसन्न रहता हूं। यही मेरी तंदुरुस्ती का सबसे बड़ा राज है।
 
उम्र के आठवें दशक के पूर्वार्द्ध में दौड़ शुरू करने वाले फौजा ने कहा था, पिन्नी के बगैर मैं एक दिन भी नहीं रह सकता। मुझे रोज चाहिए। लेकिन अब पंजाब आधुनिकता की दौड़ में शामिल हो गया है और यहां पिन्नी नहीं मिल रही है, जिसके लिए यह सबसे अधिक मशहूर है।
विभिन्न देशों में मैराथन दौड़ लगा चुके फौजा का कहना था, यहां से अच्छी पिन्नी तो इंग्लैंड में मिलती है। वह ठंडा मुल्क है। वहां रहने वाले पंजाब के लोग भी पिन्नी पसंद करते हैं। ये जल्दी हजम हो जाती है। उन्होंने फिटनेस पर नसीहत देते हुए कहा था, काके! जे तुस्सी भी फिट रहणा चांहदे हो तो रोज पिन्नी खाया करो। ‘पिन्नी’ एक अत्यंत लोकप्रिय पंजाबी मिठाई है जो घी, गेंहू के आटे, गोंद और सूखे मेवों से बनाई जाती है।
 
हांगकांग में 2012 में हॉफ मैराथन के बाद 2012 में दौड़ से संन्यास लेने वाले फौजा सिंह ने बताया था, 100 साल की उम्र हो जाने के बाद मैराथन में मौका नहीं मिलता। कई बार दौड़ने के दौरान गिरने का भी डर लगा रहता है। उम्र के आठवें दशक में दौड़ की ओर आकर्षित होने का कारण बताते हुए फौजा सिंह ने कहा था, तकरीबन 22 साल पहले मेरे बड़े बेटे की मौत सड़क हादसे में हो गई थी। बेटे की जुदाई से मैं इतना गमज़दा हो गया था कि तकरीबन निष्प्राण हो चुका था। इसी बीच मेरी बेटी अपने साथ मुझे लंदन ले गई। मेरा एक बेटा भी वहीं रहता है।
 
अप्रैल 2015 में 104 साल के होने वाले धावक फौजा सिंह ने बताया था लंदन में रहने वाले बठिंडा निवासी अमरीक सिंह ढिल्लों ने मुझे चैरिटी के लिए पहली बार दौड़ने को प्रेरित किया, इसके बाद एक बार दौड़ लगाई और फिर लगातार दौड़ रहा हूं। उन्होंने कहा था, बेटे की मौत के बाद मैं डिप्रेशन में चला गया था। वहां मैं पार्क में ही बैठा रहता था। इसी दौरान अमरीक से मेरी मुलाकात हुई और उन्होंने दौड़ने के लिए कहा। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मुंबई में indigo के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी