कर्नाटक में BJP को झटका, पूर्व CM जगदीश शेट्टर ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

Webdunia
सोमवार, 17 अप्रैल 2023 (00:33 IST)
बेंगलुरु। कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताने के बाद असंतुष्ट पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पार्टी बनाई, उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है।

छह बार के विधायक शेट्टर (67) ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि वह भाजपा भी छोड़ देंगे। इसके बाद कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने शेट्टर की भाजपा छोड़ने के फैसले के लिए आलोचना की और कहा कि लोग उन्हें इस कदम के लिए क्षमा नहीं करेंगे।

उत्तर कर्नाटक के एक प्रभावशाली लिंगायत नेता एवं हुब्बालि-धारवाड़ मध्य सीट से विधायक शेट्टर ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थ के चलते इस बार उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारने की साजिश रची।

उन्होंने कहा, आज जो मूल रूप से भाजपा से हैं उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है। आज मैं अपने घर से बाहर हो रहा हूं। मुझे मेरे ही घर से निकाल दिया गया है। इससे मुझे गहरा आघात पहुंचा है। इस पृष्ठभूमि में मैंने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें समायोजित नहीं करने का कोई कारण नहीं बताया है।

शेट्टर ने कहा, क्या आयु कारक एक कारण था? नहीं। क्या कोई स्वास्थ्य समस्या थी? मेरा स्वास्थ्य अच्छा है। क्या मैं कोई क्लब चलाता था या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था या क्या मैं उपद्रवी हूं? ऐसा कुछ नहीं था। कोई सीडी (सेक्स स्कैंडल) नहीं था।

पार्टी में अपने योगदान को याद करते हुए, शेट्टर ने कहा कि उन्होंने पिछले 30 वर्षों से इसे बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया और भाजपा ने भी उन्हें पद और सम्मान दिया। उन्होंने कहा, मेरे काम की वजह से ग्रामीण इलाकों में पार्टी की मौजूदगी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी मजबूत हुई है।

येदियुरप्पा के एक बयान के बारे में पूछे जाने पर शेट्टर ने सवाल किया कि येदियुरप्पा ने (एक दशक से अधिक पहले) भाजपा क्यों छोड़ी थी और कर्नाटक जनता पार्टी का गठन किया। (येदियुरप्पा बाद में भाजपा में लौट आए थे)। येदियुरप्पा ने कहा था कि पार्टी ने शेट्टर को सत्ता और पद दिया, लेकिन इसके बावजूद वह संगठन छोड़ रहे हैं।

शेट्टर ने सवाल किया, येदियुरप्पा को भी एक अच्छा पद दिया गया था। उन्होंने भाजपा क्यों छोड़ी? यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का मन बना लिया है, उन्होंने कहा, मैंने अभी तक किसी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क या बात नहीं की है। शेट्टर ने दोहराया कि उन्होंने किसी पार्टी में शामिल होने का फैसला नहीं किया है।

येएदियुरप्पा ने शेट्टर के भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने की बात को रेखांकित करते हुए सवाल किया, हमने शेट्टर के साथ क्या अन्याय किया है? उनके क्षेत्र के लोग उन्हें माफ नहीं करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने शेट्टर को टिकट के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य का नाम देने का सुझाव दिया था। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने शेट्टर को राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय मंत्री बनाने की भी पेशकश की थी। येदियुरप्पा ने कहा कि पार्टी ने उनसे राजनीति से संन्यास लेने के लिए नहीं कहा था।

उन्होंने सवाल किया, आप (शेट्टर) कांग्रेस में क्यों जा रहे हैं? क्या हमने आपसे कहा कि हम आपको सत्ता नहीं दे रहे? भाजपा नेता येदियुरप्पा ने सवाल किया, हमने उनके साथ क्या अन्याय किया है? उन्होंने कांग्रेस में जाने का फैसला पहले ही कर लिया है। उन्हें जाने दें। येदियुरप्पा ने कहा कि कोई भी ताकत भाजपा को कर्नाटक में एक बार फिर सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा, हम पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेंगे।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Lok Sabha Chunav : रायबरेली में प्रियंका गांधी संभाल रहीं भाई राहुल का चुनावी कैंपेन, PM मोदी को लेकर लगाया यह आरोप

Sandeshkhali Case : बैरकपुर में प्रधानमंत्री मोदी का दावा, बोले- प्रताड़ित महिलाओं को धमका रहे TMC के गुंडे

केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव में दी 10 गारंटी, कहा फेल हुआ भाजपा का प्लान

Gold ETF से निवेशकों ने अप्रैल में निकाले 396 करोड़, जानिए क्‍या है कारण...

FPI ने मई में की 17000 करोड़ से ज्‍यादा की निकासी, चुनाव काल में क्‍या है विदेशी निवेशकों का रुख

पाक अधिकृत कश्मीर में चौथे दिन भी हड़ताल जारी, स्थिति तनावपूर्ण

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की केजरीवाल को सीएम पद से हटाने वाली याचिका

Lok Sabha Elections LIVE: पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा, जम्मू कश्मीर में सबसे कम मतदान

पीएम मोदी आज शाम वाराणसी में, करेंगे 6 किलोमीटर लंबा रोड शो

CBSE 10th Result 2024 : सीबीएसई 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित, 93.6% विद्यार्थी उत्तीर्ण

अगला लेख