कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा- गैर गांधी अध्यक्ष के बावजूद गांधी परिवार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा

Webdunia
सोमवार, 17 अक्टूबर 2022 (15:42 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान के दिन सोमवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि गैर गांधी अध्यक्ष के बावूजूद गांधी परिवार पार्टी में आगे भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है।
 
19 अक्टूबर को मतगणना के बाद पार्टी को नया अध्यक्ष मिलेगा। ऐसा 24 साल बाद होगा, जब गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति पार्टी का अध्यक्ष बनेगा। इससे पहले सीताराम केसरी पार्टी के गैर गांधी अध्यक्ष थे। यह पूछे जाने पर कि गांधी परिवार के प्रति कार्यकर्ताओं का झुकाव रहा है और नया अध्यक्ष बनने की स्थिति में आगे क्या बदलाव होगा? तो कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का झुकाव आगे भी इस परिवार के साथ रहेगा।
 
उन्होंने कहा कि यह झुकाव आगे भी रहेगा, क्योंकि आप उनको नजरअंदाज नहीं कर सकते। आप भूल गए (सोनिया गांधी का) रामविलास पासवान के घर जाना, लालू प्रसादजी के घर जाना, किस तरह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का गठन हुआ था। आप लोग जो (पार्टी से परिवार को) अलग करने की कोशिश कर रहे हैं, इसमें सफल नहीं होंगे।
 
नए अध्यक्ष के बनने पर कांग्रेस में होने वाले बदलावों की संभावना पर अंबिका सोनी ने कहा कि जो भी अध्यक्ष बनेगा, वो उनकी सोच पर निर्भर है कि वे किस तरह से पार्टी को मजबूत करेंगे, किस तरह से विचारधारा को मजबूत करेंगे और किस तरह से सभी लोगों को एकजुट करके आगे बढ़ेंगे।
 
उन्होंने अपने से जुड़े सवाल पर कहा कि मेरी कोई भूमिका नहीं है। मैंने 52 वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया है। अब एक कार्यकर्ता हूं। अंबिका सोनी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सोनिया गांधी मार्गदर्शक या किसी अन्य भूमिका में पार्टी के लिए काम करती रहेंगी।
 
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि कांग्रेस के संचालन का काम एक व्यक्ति से नहीं होता। सभी को मिलकर कांग्रेस के संगठन को आगे ले जाने की कोशिश करनी होगी। मुझे पूरा भरोसा है कि दोनों में से जो कोई अध्यक्ष होंगे, वे सभी लोगों को एक साथ लेकर पार्टी को आगे बढ़ाने में कामयाब होंगे।
 
उनका यह भी कहना था कि गांधी परिवार का बहुत पुराना इतिहास रहा है। उनका बहुत त्याग और बलिदान रहा है। इंदिरा गांधीजी और राजीव गांधीजी के बलिदान को कोई भूल नहीं सकता। देश के लिए उन्होंने बहुत योगदान दिया है। गांधी परिवार महत्वपूर्ण भूमिका निभाना जारी रखेगा।
 
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी अध्यक्ष पद से विदा होने वाली हैं। वे हमारी नेता रही हैं और आगे भी रहेंगी। हम उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन के लिए उनकी ओर देखते रहेंगे। राहुल गांधीजी ने कांग्रेस नेतृत्व किया है। उनके मार्गदर्शन भी हमारे लिए बहुमूल्य होगा।
 
कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य सभी वरिष्ठ नेता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने 'भारत जोड़ो यात्रा' के लिए राहल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो रहे हैं।
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश, CM योगी ने उपद्रवियों को दी चेतावनी

समुद्र में आग का गोला बना जहाज, 300 से ज्यादा यात्री थे सवार, रोंगटे खड़े कर देगा VIDEO

महंगा पड़ा कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में HR मैनेजर को गले लगाना, एस्ट्रोनॉमर के CEO का इस्तीफा

संसद के मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, बिहार में SIR पर विपक्ष ने उठाए सवाल

24 कंपनियों ने जुटाए 45,000 करोड़, IPO बाजार के लिए कैसे रहे 2025 के पहले 6 माह?

सभी देखें

नवीनतम

Jagdeep Dhankhar : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा दिया, स्वास्थ्य को वजह बताया

वीरों की वाणी : क्यूएमटीआई पुणे में हिंदी कवि सम्मेलन

New Income Tax Bill : क्‍या TDS रिफंड दावों और ट्रस्ट के Taxation में होगा बदलाव, संसदीय समिति ने दिया यह सुझाव

Sawan 2025 : 75 कैन में 75 लीटर गंगाजल, अनोखे शिवभक्त की अनोखी कांवड़ यात्रा क्यों चर्चाओं में, PM मोदी से क्या कनेक्शन

Meta और Google को ED ने भेजा समन, नहीं पेश हुए अधिकारी, जानिए क्‍या है मामला

अगला लेख