Publish Date: Thu, 28 Oct 2021 (09:14 IST)
Updated Date: Thu, 28 Oct 2021 (10:50 IST)
जम्मू। बारामुल्ला के चेरदानी इलाके में सुरक्षाबलों ने एक हाइब्रिड आतंकी जावेद अहमद वानी को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि जावेद को बारामुल्ला में एक दुकानदार को निशाना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। पुलिस को इस बात की भनक लग गई।
सेना और पुलिस का संयुक्त दल समय से पहले ही वहां पहुंच गया। सुरक्षाबलों को अपने सामने देख आतंकी ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया और जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने आतंकी जावेद को मार गिराया। मारे गए आतंकवादी से एक पिस्तौल, उसकी मैगजीन व पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड बरामद किया है।
आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने आतंकी के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि आज जब इसने सेना और पुलिस की एडीपी पर हमला करने का प्रयास किया तो सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में इसे भी मार गिराया। आईजीपी विजय कुमार ने यह भी जानकारी दी कि जावेद को बारामुल्ला के एक दुकानदार को निशाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस बात की जानकारी हमें अपने सूत्रों से मिली थी।
आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा कि उसकी पहचान कर ली गई है। उसका नाम जावेद अहमद वानी था और वह कुलगाम का रहने वाला था। इसे हम हाइब्रिड टाइप आतंकी कह सकते हैं। गत 17 अक्टूबर को आतंकवादियों ने कुलगाम के वानपोह इलाके में श्रमिकों की बस्ती पर जो हमला किया था, जावेद उसमें मददगार था।
आतंकियों की अंधाधुंध फायरिंग में बिहार के दो मजदूरों राजा रेशी देव, जोगिंदर रेशी देव की मौत हो गई थी जबकि बिहार का एक अन्य मजदूर चुनचुन रेशी देव घायल हो गया। गोलियां चलाने वाला गुलजार अहमद था जिसे गत 20 अक्टूबर को सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। यह तब से इधर-उधर छिपता फिर रहा था।
About Writer
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।....
और पढ़ें