Publish Date: Fri, 16 Feb 2018 (11:21 IST)
Updated Date: Fri, 16 Feb 2018 (11:24 IST)
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के पुत्र कार्ति चिदंबरम से कथित रूप से जुड़े लोगों के यहां शुक्रवार को छापे मारे।
अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निषेध कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत चेन्नई में 3 जगहों पर छापे मारे जा रहे हैं और कार्ति चिदंबरम से कथित रूप से जुड़े लोगों के यहां छापेमारी की गई है।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने इसी मामले में गुरुवार को दिल्ली में कार्ति से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में पहले भी छापेमारी की है। एजेंसी ने पिछले वर्ष मई में कार्ति और अन्य लोगों के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया था।
ईडी ने इस संबंध में अपने यहां कार्ति चिदंबरम, आईएनएक्स मीडिया और उसके निदेशकों पीटर तथा इन्द्राणी मुखर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गौरतलब है कि ये सभी सीबीआई की प्राथमिकी में भी नामजद हैं। (भाषा)