Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मुजफ्फरनगर में आज 'किसान महापंचायत', सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हमें फॉलो करें मुजफ्फरनगर में आज 'किसान महापंचायत', सुरक्षा के कड़े इंतजाम
, रविवार, 5 सितम्बर 2021 (08:15 IST)
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में आज संयुक्त किसान मोर्चा की ऐतिहासिक महापंचायत होने जा रही है। इसमें किसानों के 40 से अधिक संगठन देशभर से हिस्सा लेंगे। आयोजकों का दावा है कि लगभग 1 लाख किसान इस महापंचायत का हिस्सा बनेंगे।
केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि महापंचायत से साबित हो जाएगा कि आंदोलन को सभी जातियों, धर्मों, राज्यों, वर्गों, छोटे व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त है।
 
webdunia
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में किसान भी सरकार को अपना दमखम दिखाकर चेताना चाहता है कि वह वोट की चोट के लिए तैयार है। इसलिए किसानों के 40 से अधिक संगठन चौधरी चरण की कर्मभूमि और बाबा महेन्द्रसिंह टिकैत के धर्मयुद्ध भूमि मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान पर विशाल महापंचायत करने जा रहे हैं।
महापंचायत में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्‍ट्र और पंजाब समेत देशभर से बड़ी संख्या में किसानों के आने की उम्मीद है। पंचायत को राजनीति से दूर रखने का प्रयास भी किया जा रहा है। ऐसे में किसानों के मंच पर किसी भी राजनैतिक दलों के नेताओं को स्थान नहीं मिलेगा।
 
इस महापंचायत के लिए दो लाख वर्ग फुट का वॉटर प्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के लिए तीन हजार वर्ग फुट का विशाल मंच तैयार किया गया है। आयोजकों का कहना है कि पांडाल में 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
 
webdunia
सुरक्षा के कड़े इंतजाम : केंद्रीय कृषि कानूनों सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर रविवार को होने वाली 'किसान महापंचायत' के लिए प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) की 6 कंपनियां और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 2 कंपनियां तैनात की जाएंगी। सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी जबकि 5 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), सात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और 40 पुलिस निरीक्षक सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

इस बीच, मुजफ्फरनगर जिले के अधिकारियों ने महापंचायत के मद्देनजर सभी शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है।
 
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि शनिवार शाम छह बजे से पांच सितंबर को महापंचायत खत्म होने तक शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है।
 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

नोएडा के डीएम सुहास यतिराज ने जीता सिल्वर, टोक्यो पैरालंपिक में भारत को 18वां पदक