Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजस्थान से बिहार (Rajasthan to Bihar) तक भारी बारिश हो रही है। दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR (Delhi-NCR) में लोगों को तेज बारिश का इंतजार है। उधर उत्तर भारत के राज्यों उत्तरप्रदेश (Uttar Pradesh) और उत्तराखंड (Uttarakhand) में भारी वर्षा हो रही है।
आईएमडी ने राजस्थान के 6 जिलों में आज शु्क्रवार को अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम तेज होकर डिप्रेशन में बदल चुका है। इसका सबसे ज्यादा असर आज शुक्रवार को देखने को मिलेगा। इसके चलते प्रदेश जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। इनमें आईएमडी ने अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, टोंक और पाली में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीं प्रतापगढ़, बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर और नागौर में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
ALSO READ: Weather Update: राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी, जानें देशभर का ताजा मौसम, IMD अलर्ट
बिहार में आकाशीय बिजली की चपेट में 19 लोगों की मौत : बिहार में पिछले 24 घंटों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 5 मौतें नालंदा में हुईं, उसके बाद वैशाली (4), बांका और पटना 2-2 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा शेखपुरा, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, जमुई और समस्तीपुर जिलों में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
ALSO READ: Weather Update: मानसून ने पकड़ी और भी रफ्तार, उत्तर से दक्षिण तक बारिश जारी, IMD का अलर्ट
दिल्ली में बारिश हुई, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया : नई दिल्ली से मिले समाचारों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मध्य, दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और पूर्वी दिल्ली समेत कुछ हिस्सों में गुरुवार रात को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस बीच शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आमतौर पर बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान जताया हैं विभाग ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: लगभग 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तरप्रदेश के अनेक हिस्सों में हुई बारिश : लखनऊ से मिले समाचारों के अनुसार उत्तरप्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक हिस्सों में भारी बारिश हुई। जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने से राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, बलिया, बरेली, आगरा, झांसी, कानपुर और बाराबंकी सहित कई जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को 5.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरप्रदेश के कई इलाकों खासकर दक्षिणी हिस्सों में तेज आंधी, भारी बारिश और व्यापक जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर और महोबा जिलों में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा कानपुर, मथुरा और आगरा समेत 10 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के 47 जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है। बारिश के दौरान मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण शुक्रवार को बुंदेलखंड, दक्षिणी और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के पश्चिमी हिस्सों और पूर्वी भागों के कुछ स्थानों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की है। जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा के कारण राज्य की विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार राप्ती, सरयू और शारदा नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान के पास बह रही हैं।
ALSO READ: Weather Update : जम्मू के 5 जिलों में फट सकते हैं बादल, क्या है मध्यप्रदेश में बारिश का हाल?
हिमाचल में बारिश के कारण राजमार्ग-707 अब भी बंद, 9 जिलों में बाढ़ की चेतावनी : शिमला से मिले समाचारों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को वर्षा हुई और सिरमौर जिले में लोहरा क्षेत्र के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 707 भूस्खलन के कारण बंद रहा। स्थानीय मौसम कार्यालय ने राज्य के 9 जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। भारी बारिश से प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ आई है जिससे 20 जून से अब तक 1,220 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 समेत 170 सड़कें अब भी बंद हैं। सूत्रों के अनुसार राजमार्ग 30 घंटे से अधिक समय से बंद है और इसे अभी तक वाहनों के आवागमन के लिए बहाल नहीं किया जा सका है, क्योंकि पहाड़ से मलबा आने से सड़क साफ करने के काम में बाधा आ रही है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने भारी बारिश को लेकर 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। मंडी में 121 सड़कें, कुल्लू में 23 और सिरमौर जिले में 13 सड़कें बंद हैं। इस मानसून में राज्य में अब तक 112 लोगों की मौत हुई है जिनमें 3 लोगों की मौत पिछले 24 घंटे में हुई हैं।
केरल में भारी बारिश से भूस्खलन और जलभराव, 4 जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी : तिरुवनंतपुरम से मिले समाचारों के अनुसार केरल में लगातार बारिश के कारण गुरुवार को कोझिकोड जिले में भूस्खलन हुआ और घरों में पानी घुस गया। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई और राज्य के अन्य हिस्सों में विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ गया। कासरगोड जिले में भारी बारिश के कारण उप्पला, मंजेश्वरम, मधुर और पुथिगे सहित विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ गया जिसके कारण अधिकारियों ने इन नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी।
अधिकारियों ने कोझिकोड में कोरापुझा व कुट्टियाडी नदी, कन्नूर में पेरुम्बा व वायनाड जिले में कबानी नदी के संबंध में भी इसी तरह की चेतावनी जारी की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बारिश जारी रहने के कारण गुरुवार को कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में 'रेड' अलर्ट जारी किया। इससे पहले इन जिलों में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया था।
आईएमडी ने त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया जबकि पहले 'येलो' अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग ने वायनाड, कन्नूर व कासरगोड के लिए अगले 3 दिनों तक, 19 व 20 जुलाई को कोझिकोड जिले के लिए और 20 जुलाई को मलप्पुरम जिले के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया।
मध्यप्रदेश में भारी वर्षा की संभावना : मध्यप्रदेश में
अनूपपुर, अशोकनगर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, इंदौर, मैहर, मंडला, मऊगंज, पांढुर्ना, पन्ना, रीवा, सतना, सिवनी, टीकमगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना है।
ALSO READ: Weather Update : मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए क्या है अन्य राज्यों का हाल?
उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर बना सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र कमजोर होकर पाकिस्तान के मध्य भागों और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर एक निम्न दाब क्षेत्र में बदल गया है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार पर बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
औसत समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका अब पाकिस्तान के मध्य भागों और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, चुरू, अलवर, उरई, प्रयागराज, दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश और दक्षिण-पश्चिम बिहार, बांकुरा, सागर द्वीप पर बने निम्न दाब क्षेत्र के केंद्र से होकर दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है।
पिछले 24 घंटों की गतिविधि : पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी केरल और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी वर्षा हुई। झारखंड और बिहार में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 1-2 बार भारी वर्षा हुई। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। गुजरात, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हुई।
आज शुक्रवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शुक्रवार, 18 जुलाई को उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, पूर्वी राजस्थान, केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो बार भारी बारिश हो सकती है।
तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी हिमालय, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिमी राजस्थान, गंगीय पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र में हल्की बारिश संभव है।(Photo courtesy: IMD)
Edited by: Ravindra Gupta