Weather Update: पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कैसा है यूपी, बिहार का मौसम?
आईएमडी के अनुसार उत्तरी अरब सागर, गुजरात के शेष भागों, राजस्थान, मध्यप्रदेश के कुछ छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष भागों और पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ भागों में अगले 2 दिनों के लिए मानसून (monsoon) के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। आईएमडी के अनुसार की ओर से इस विषयक राहतभरी खबर आई है। इसके अनुसार आज पूर्वोत्तर भारत (Northeast India) में भारी बारिश (heavy rain) का अलर्ट है। आईएमडी के अनुसार उत्तरी अरब सागर, गुजरात के शेष भागों, राजस्थान, मध्यप्रदेश के कुछ छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष भागों और पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ भागों में अगले 2 दिनों के लिए मानसून (monsoon) के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से भारी वर्षा की संभावना : उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, पूर्वी उत्तरप्रदेश, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर 1 से 2 दिनों के दौरान सामान्य से भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान तेज हवा चलने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार फिलहाल देश में व्यापक रूप में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ा : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना के शेष भागों, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में प्रवेश कर लिया है। आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं जिससे मानसून के उत्तर अरब सागर के शेष हिस्सों, गुजरात और मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के शेष हिस्सों, गंगा-पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
ALSO READ: Weather Update: दिल्ली NCR में बढ़ेगी गर्मी, राजस्थान में बारिश की संभावना, कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में 1.5 से 5.8 किमी की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है। दक्षिण गुजरात और उससे सटे क्षेत्रों में समुद्र तल से 7.6 किमी ऊंचाई तक एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से वहां एक निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है, जो आगे चलकर और प्रभावी होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। दक्षिण पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर तथा पूर्वोत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 किमी की ऊंचाई पर भी चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। पूर्वोत्तर असम में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान गंगा-पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय कर्नाटक, केरल और दक्षिण गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, तटीय आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के हिस्सों, उत्तरप्रदेश, केरल, तटीय महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लक्षद्वीप, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, विदर्भ और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं।
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 18 जून को दक्षिण गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तर बिहार, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
18 और 19 जून को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वी उत्तरप्रदेश के हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्रप्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। तेलंगाना, विदर्भ और मराठवाड़ा में हल्की बारिश संभव है।
ALSO READ: Weather Update: मई में वर्षा ने तोड़ा 27 सालों का रिकॉर्ड, IMD का उत्तर पूर्व में बारिश का अलर्ट
दक्षिण कन्नड़ क्षेत्र में मूसलधार बारिश से तबाही, थुम्बे बांध के सभी 28 गेट खोले गए : मंगलुरु से मिले समाचारों के अनुसार कर्नाटक में भारी वर्षा को लेकर दक्षिण कन्नड़ क्षेत्र के लिए जारी 'रेड अलर्ट' के बीच मूसलधार बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटे में जिले में सामान्य से दोगुनी से भी अधिक बारिश दर्ज की गई जिससे कई स्थानों पर जलभराव, घरों को नुकसान और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति पहुंची है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेत्रावती नदी पर बने थुम्बे बांध के सभी 28 गेट खोल दिए गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा मंगलवार सुबह 8.30 बजे जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे में औसत 80.3 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि सामान्य वर्षा 35.0 मिलीमीटर होती है जिसके चलते सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मूडबिद्री तालुक में सर्वाधिक 111.1 मिलीमीटर और सुल्लिया में 100.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में जिले में भारी वर्षा के चलते 10 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वर्षा के चलते अप्रैल से अब तक कुल 82 घर पूरी तरह से और 768 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसी प्रकार पहली अप्रैल से अब तक जिले में भारी वर्षा के चलते 5 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि पिछले 24 घंटे में कोई नई जनहानि नहीं हुई है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि भारी वर्षा से 2.43 हैक्टेयर कृषि भूमि और 4.884 हैक्टेयर बागवानी भूमि प्रभावित हुई है।(Photo courtesy: IMD)
Edited by: Ravindra Gupta