Weather Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, बिहार और पंजाब में शीतलहर

दिल्ली में कड़ाके की सर्दी जारी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शनिवार, 13 जनवरी 2024 (08:39 IST)
  • हरियाणा-पंजाब में कड़ाके की ठंड
  • दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित
  • गया में सबसे कम तापमान
Weather Updates: उत्तर भारत (North India) के कई हिस्सों में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार रहा, हालांकि दिन में आसमान साफ होने और धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। बिहार और पंजाब में शीतलहर (Cold wave) जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है।
 
विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जबकि पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 'ठंडे दिन' (cold days) से मतलब जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या उसके बराबर हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे हो। अत्यधिक ठंडे दिन (extremely cold days) से मतलब जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक नीचे हो।
 
दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी : दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
हरियाणा-पंजाब में कड़ाके की ठंड : हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पंजाब के लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 11.4 डिग्री सेल्सियस और 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम रहा।
 
उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी : राजस्थान के गंगानगर में तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं उत्तरप्रदेश के बरेली में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत के कई हिस्सों में 30-31 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी मैदानी इलाकों में शुक्रवार की सुबह कोहरे की परत छाई रही और यह पूर्वोत्तर तक फैल गई जिससे दृश्यता कम हो गई और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
 
दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित : भारतीय रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और बिहार पर कोहरे की एक परत दिखाई दी, जो पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। ओडिशा में भी कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा।
 
आईएमडी (IMD) के अनुसार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में दृश्यता का स्तर 0 हो गया। आईएमडी (IMD) के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होने से 200 मीटर की दूरी तक ही दिखाई दे रहा था।
 
पंजाब के अमृतसर और उत्तरप्रदेश के लखनऊ और वाराणसी में दृश्यता का स्तर 25 मीटर रहा। इसी तरह चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश के बरेली, बिहार के पूर्णिया और असम के तेजपुर में 50 मीटर और हरियाणा के अंबाला और राजस्थान के गंगानगर में यह 200 मीटर रहा।
 
आईएमडी (IMD) के अनुसार दृश्यता जब 0 से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है। आईएमडी (IMD) ने कहा कि अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 
शीतलहर की चपेट में बिहार, गया में सबसे कम तापमान : पटना से मिले समाचारों के अनुसार बिहार में शुक्रवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी (IMD) के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे कम तापमान गया में दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक गया में तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी (IMD) के मुताबिक अगले 4 से 5 दिनों में पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
 
आईएमडी (IMD) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक गया के बाद बांका में सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद मोतिहारी (6.8 डिग्री), भागलपुर के सबौर में 7 डिग्री, डेहरी में (7.2 डिग्री) और कैमूर में (7.6 डिग्री) तापमान दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाने की सूचना मिली। इस बीच पटना के जिलाधिकारी चंद्र शेखर सिंह ने कड़ाके की ठंड के कारण 8वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश पूरे पटना जिले में प्रभावी होगा।
 
उत्तराखंड भीषण ठंड की चपेट में : देहरादून से मिले समाचारों के अनुसार देहरादून सहित उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। जबर्दस्त ठंड से बढ़ी ठिठुरन के बीच मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिन अभी बनी रहेगी।
 
देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस था। देहरादून में न्यूनतम तापमान भी 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
 
देहरादून में सुबह धुंध छाई रही और दिनभर धूप का लुका-छिपी का खेल चलता रहा। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं और शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक राज्य के हरिद्ववार, उधमसिंह नगर जिलों तथा उनसे लगे हुए देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर एवं कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की है।
 
मौसम विभाग ने उधमसिंह नगर एवं हरिद्वार जिलों में शनिवार के लिए प्रचंड शीतलहर और घने कोहरे का नारंगी अलर्ट जारी करते हुए लोगों को कम दृश्यता के चलते ड्राइविंग में सावधानी बरतने तथा ठंड से बचाव की सलाह दी है। इन जिलों से लगे अन्य जिलों के मैदानी इलाकों में 16 जनवरी तक शीतलहर का एलो अलर्ट जारी किया गया है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शनिवार को 13 से 16 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 13 से 16 जनवरी के बीच सुबह के समय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उत्तरी मध्यप्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना है।
 
पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय में छिटपुट बारिश और बर्फबारी संभव है।
 
15 जनवरी के आसपास पूर्वोत्तर मानसून की समाप्ति के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी को पश्चिमी हिमालय के करीब पहुंच सकता है।(एजेंसियां)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

भारत से क्यों नाखुश है रूस, इसका यूक्रेन से है कनेक्शन

कठुआ में गरजे CM योगी आदित्यनाथ, कहा- पाकिस्तान के हो जाएंगे 3 टुकड़े

कौन है वो रहस्‍यमयी महिला, जिसकी तलाश में जुटी पुलिस, क्‍या है देवेंद्र फडणवीस के दफ्तर से कनेक्‍शन?

कलाम का राष्ट्रपति बनना लादेन के आतंकवादी बनने के समान, NCP नेता की पत्नी के बयान से बवाल

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले, अब राजनीति सिर्फ सत्ता के लिए होती है

सभी देखें

नवीनतम

इजराइल ने हिज्बुल्लाह के मुख्यालय पर बरसाए 1-1 टन के 80 से ज्यादा बम, सुरक्षित स्थान पर भेजे गए खामनेई

हिंडनबर्ग रिपोर्ट और मणिपुर हिंसा को लेकर सिद्धरमैया ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

फोन पर प्यार भरी बातें, कमरे में बुलाकर हमबिस्तर, बिहार में सेक्सटॉर्शन गैंग का भंडाफोड़, करते थे 3 से 4 लाख की वसूली

रंगदारी को लेकर दिल्ली में कार शोरूम पर गोलीबारी, होटल और मिठाई की दुकान को भी बनाया निशाना

लेबनान में घातक युद्ध हुआ तेज़, 700 लोगों की मौत, विस्थापन जारी

अगला लेख