Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मल्लिकार्जुन खरगे का दावा, मोदी-शाह की गिर रही है राजनीतिक साख

हमें फॉलो करें Mallikarjun Kharge

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शनिवार, 13 जुलाई 2024 (20:26 IST)
Mallikarjun Kharge's statement on Narendra Modi and Amit Shah : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को दावा किया कि विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है तथा ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रमाण हैं।
 
देश के सात राज्यों की 13 सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बाद आए परिणाम में ‘इंडिया’ गठबंधन को 10 और भाजपा को सिर्फ दो सीट मिलीं। विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को पंजाब की एक, हिमाचल प्रदेश की तीन, उत्तराखंड की दो, पश्चिम बंगाल की चार, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर मतदान हुआ था।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, विधानसभा उपचुनाव के सकारात्मक परिणाम के लिए हम जनता के सामने नतमस्तक हैं। उन्होंने जहां-जहां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट किया, इसके लिए उनका तहेदिल से धन्यवाद व आभार। विपरीत परिस्थितियों में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रयासों के लिए हम उनका अभिवादन करते हैं।
 
उन्होंने कहा कि यह जीत दर्शाती है कि जनता ने भाजपा के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह दावा भी किया, यह मोदी-शाह जी की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रबल प्रमाण है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, उत्तराखंड में दोनों विधानसभा उपचुनाव भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जीते हैं।
जयराम रमेश ने कहा, भाजपा की घटिया चालों का सामना करते हुए मंगलौर को बसपा से छीना गया। बद्रीनाथ में निवर्तमान विधायक कांग्रेस के थे, जो लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हो गए थे। जनता ने उन्हें सही सजा दी है और कांग्रेस फिर से सीट जीत गई है। उन्होंने कहा कि दोनों ही तरह से नतीजे देश में बदलते राजनीतिक माहौल को दर्शाते हैं।
 
भाजपा की सभी चालें बुरी तरह विफल : हिमाचल में कांग्रेस के तीन में से दो सीट जीतने पर रमेश ने कहा, हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सभी चालें बुरी तरह विफल हो गई हैं। कांग्रेस ने निर्दलियों के क़ब्ज़े वाली विधानसभा सीटों में से दो पर जीत हासिल की है, जिन्हें ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत लालच देकर भाजपा ने अपने तरफ़ कर लिया था। नतीजे कांग्रेस की और मजबूत होती स्थिति और भाजपा के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं।
 
6 लोगों का राजनीतिक करियर बर्बाद : कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने ‘एक्स’ पर कहा, भाजपा ने हिमाचल में धनबल के जरिए नौ विधायकों के इस्तीफ़े कराए। जनता ने इन विधायकों को सबक़ सिखा छह को हरा दिया। 6 लोगों का राजनीतिक करियर भाजपा ने बर्बाद कर दिया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Jagannath Temple : 46 साल बाद फिर खुलेगा जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार, मुख्य सेवक ने दी सरकार को यह सलाह...