Publish Date: Sat, 30 Oct 2021 (15:03 IST)
Updated Date: Sat, 30 Oct 2021 (15:08 IST)
पणजी। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शक्तिशाली बनेंगे क्योंकि कांग्रेस पार्टी राजनीति को लेकर गंभीर नहीं है। ममता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की दादागीरी बहुत हुई।
गोवा के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन पणजी में ममता ने कहा कि कांग्रेस के निर्णय न ले पाने का अंजाम देश भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वजह से मोदी जी और अधिक शक्तिशाली हो रहे हैं...अगर कोई निर्णय नहीं ले सकता तो उसके लिए देश को क्यों भुगतना चाहिए?
टीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने के बजाय वे मेरे राज्य में मेरे खिलाफ लड़े। क्या आपको नहीं लगता कि उन्होंने मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा, बंगाल में मेरे राजनीतिक दल के खिलाफ चुनाव लड़ा...। टीएमसी ने घोषणा की है कि वह आगामी गोवा विधानसभा चुनावों में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि क्षेत्रीय दलों को मजबूत होना चाहिए। हम चाहते हैं कि संघीय ढांचा मजबूत हो। हमें राज्यों को मजबूत बनाना चाहिए, अगर राज्य मजबूत होंगे तो केंद्र भी मजबूत होगा। हम दिल्ली की दादागीरी नहीं चाहते, बस बहुत हुआ। हमारी लड़ाई जारी रहेगी। हम भाजपा के आगे घुटने टेकने वाले नहीं हैं।