Publish Date: Fri, 07 Feb 2020 (07:16 IST)
Updated Date: Fri, 07 Feb 2020 (07:34 IST)
नई दिल्ली। सीबीआई ने 2 लाख रुपए के कथित रिश्वत मामले में दिल्ली सरकार के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है जिन्हें उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) बताया जाता है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान है।
अधिकारियों ने कहा कि गोपाल कृष्ण माधव नामक अधिकारी को जीएसटी संबंधित मामले में कथित रूप से 2 लाख रुपए रिश्वत लेते समय देर रात गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि माधव को पूछताछ के लिए तत्काल सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया।
सूत्रों ने कहा कि इस मामले में सिसोदिया की कोई भूमिका सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है। वह 2015 से सिसोदिया के कार्यालय में तैनात है। यह गिरफ्तारी दिल्ली विधानसभा चुनाव से 2 दिन पहले की गई है।