Publish Date: Mon, 08 Feb 2021 (18:00 IST)
Updated Date: Mon, 08 Feb 2021 (18:05 IST)
कृषि कानूनों को लेकर किसान बीते कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। वह लगातार सरकार से कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। किसानों के समर्थन को लेकर ही अमेरिकी एक्ट्रेस अमांडा सर्नी और एक्ट्रेस मिया खलीफा भी लगातार ट्वीट पर ट्वीट कर रही हैं।
इतना ही नहीं, दोनों ने एक-दूसरे को एक ट्वीट के हिसाब से 100-100 डॉलर भी दिये हैं। ट्रोल्स का मुंह बंद करने के लिए मिया खलीफा ने इसका स्क्रीनशॉट भी अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इस तरह वह ट्रोल्स की जमकर चुटकी ले रही हैं। वहीं, मिया खलीफा के इस ट्वीट का जवाब देते हुए अमांडा सर्नी ने भी उन्हें धन्यवाद कहा।
मिया खलीफा के ट्वीट का जवाब देते हुए अमांडा सर्नी ने लिखा,
मुझे पहले भुगतान करने के लिए आपका धन्यवाद। मेरा एप्पल वॉलेट वैसे भी खाली ही था
मिया खलीफा द्वारा साझा किये गए इस स्क्रीन शॉट में नजर आ रहा है कि पहले उनकी तरफ से अमांडा सर्नी को 100 डॉलर दिये गए थे। इसके बाद अमांडा सर्नी ने उन्हें 100 डॉलर दिये। इस स्क्रीन शॉट को साझा करते हुए मिया खलीफा ने लिखा,
और ठीक उसी तरह, दो लड़कियों ने दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और सरकार को हिलाकर रख दिया। एक ट्वीट एक बार में अमांडा सर्नी, किसानों के लिए...
मिया खलीफा और अमांडा सर्नी किसानों के मुद्दे पर काफी बेबाक नजर आ रही हैं। वह लगातार ट्वीट कर किसानों के प्रति अपना समर्थन भी जाहिर कर रही हैं। अमांडा सर्नी ने हाल ही में एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें एक लड़की ट्रैक्टर चला रही थी। इस वीडियो को शेयर करते हुए अमांडा सर्नी ने लिखा, "अगर आप आज कुछ खाते हो तो उसके लिए किसानों को धन्यवाद कहो" बता दें कि अमांडा सर्नी ने बॉलीवुड कलाकारों को भी उनके ट्वीट को किसान आंदोलन का दुष्प्रचार बताने पर जवाब दिया था।