Publish Date: Sun, 07 Mar 2021 (15:56 IST)
Updated Date: Sun, 07 Mar 2021 (15:59 IST)
कोलकाता। सिने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती रविवार को यहां ब्रिगेड परेड मैदान में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने अन्य नेताओं की उपस्थिति में मिथुन चक्रवर्ती का पार्टी में स्वागत किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मुंबई में अभिनेता के आवास पर पिछले महीने उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गई थीं।
तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य रह चुके अभिनेता ने सारदा पोंजी घोटाले में नाम आने के बाद 2016 में उच्च सदन की सदस्यता छोड़ दी थी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और इसकी शुरुआत 27 मार्च से हो रही है। मतगणना 2 मई को होगी।