Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 (14:50 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jul 2024 (14:57 IST)
विभाग ने एक बयान में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भागों में और आगे बढ़ गया। इस प्रकार इसने 2 जुलाई 2024 तक ही पूरे देश को कवर कर लिया, जबकि यह सामान्य रूप से 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता है। उसने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से 6 दिन पहले ही पूरे भारत में पहुंच गया।
देश में 11 जून से 27 जून तक 16 दिन सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण जून में कुल मिलाकर सामान्य से कम वर्षा हुई। इस महीने में 147.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि इस महीने में सामान्य रूप से 165.3 मिलीमीटर वर्षा होती है, जो 2001 के बाद से सातवीं सबसे कम वर्षा है। देश में 4 महीने के मानसून के दौरान कुल वर्षा (87 सेंटीमीटर) में से 15 प्रतिशत बारिश जून में होती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, जुलाई में भारत में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है तथा भारी वर्षा के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और देश के मध्य भाग में नदी घाटियों में बाढ़ आने की आशंका है।
Edited by : Nrapendra Gupta