Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बिहार में 15 विपक्षी दलों की बैठक, ‘मिशन 2024’ के लिए साझा रणनीति पर मंथन

हमें फॉलो करें बिहार में 15 विपक्षी दलों की बैठक, ‘मिशन 2024’ के लिए साझा रणनीति पर मंथन
, शुक्रवार, 23 जून 2023 (12:56 IST)
Opposition Meet : विपक्ष के 15 प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना में जारी है। इसमें वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके दल भाजपा को कड़ी चुनौती देने के मकसद से एक मजबूत मोर्चा बनाने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस बैठक की मेजबानी कर रहे हैं। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर हो रही है।
 
बैठक में यह दिग्गज शामिल : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तमिलनाडु सीएम स्टालीन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, NCP प्रमुख शरद पवार और कई अन्य नेता इस बैठक में भाग ले रहे हैं।
 
बैठक से पहले क्या बोले राहुल : बैठक से पहले राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को हराने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदुस्तान को जोड़ने का काम कर रही है, मोहब्बत फैलाने का काम कर रही है। इसलिए आज हम बिहार आए हैं।
 
विपक्षी नेताओं की मंत्रणा के दौरान नेतृत्व संबंधी सवालों को दरकिनार कर मिलकर मुकाबला करने की रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
 
इस बैठक में केजरीवाल के राष्ट्रीय राजधानी में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश पर चर्चा के लिए जोर देने पर निगाहें टिकी होंगी। हालांकि कांग्रेस ने कहा कि यह संसद के अंदर का मामला है और इस पर फैसला मानसून सत्र के पहले किया जाएगा।
 
विपक्षी दलों की यह बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब उनके आपसी मनमुटाव की खबरें भी सामने आई हैं। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला करने वाले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुर्शिदाबाद जिले में ब्लॉक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं।
 
भाजपा विपक्षी दलों में मतभेदों को लेकर उन पर निशाना साध रही है और यह सवाल बार-बार उठा रही है कि विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा कौन होगा।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सुरक्षा बलों ने 4 आतंकवादियों को मार गिराया, एक ही हफ्ते में 9 को ठोंका