Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

एलओसी पर जबरदस्त गोलाबारी, खाई में गिरने से जवान की मौत

Advertiesment
हमें फॉलो करें LoC

सुरेश एस डुग्गर

, सोमवार, 25 नवंबर 2019 (23:17 IST)
जम्मू। एलओसी पर पाकिस्‍तानी सेना जबरदस्त गोलाबारी कर रही है। पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण कल 16 साल पूरे करने जा रहा सीजफायर एक बार फिर से दांव पर है। इस बीच एलओसी पर खाई में गिरने से एक जवान की मौत हो गई। जम्मू के पलांवाला सेक्टर में पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों, सीमांत चौकियों को निशाना बनाकर गोले दागे। गोले दागने का सिलसिला सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहा।

करीब 5 घंटे तक दोनों ओर से हुई इस फायरिंग में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। भारतीय सेना की ओर से इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण नियंत्रण रेखा से सटे रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। लोग अपने घरों में दुबके रहे, जबकि कइयों ने बंकर में भी शरण ली।

इसी बीच जिला पुंछ के कास्बा और केरनी सेक्टर में भी पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की है। भारतीय जवान वहां भी पाकिस्तानी सैनिकों की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। सेना ने रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को घरों से बाहर न आने की हिदायत दी है। हालांकि अभी तक इस गोलाबारी में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

रविवार रात सवा 12 बजे के करीब पाकिस्तान ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए पहले हल्के हथियारों से गोलियां दागीं। जवाबी कार्रवाई के बाद दुश्मन ने मोर्टार दागने शुरू कर दिए। यह गोलाबारी सुबह 5 बजे तक चली। फायरिंग से दहशत का माहौल बन गया है। पाकिस्तान आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने के लिए क्षेत्र में आए दिन गोलाबारी कर रहा है। शनिवार को भी पाकिस्तान ने इन इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी।

दूसरी ओर कश्मीर के जिला कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर गश्त लगाते हुए भारतीय सेना का एक जवान खाई में फिसल जाने से शहीद हो गया। यह हादसा रविवार देर रात का है। जवान के पार्थिव शरीर को खाई से निकाल लिया गया है। उसकी पहचान 29 वर्षीय नायक पीरा राम निवासी राजस्थान के तौर पर हुई है। शहीद के साथियों व रेजीमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर उसके पार्थिव शरीर को उसके पैतृक गांव भेज दिया है।

सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिला कुपवाड़ा नियंत्रण रेखा पर भारी बर्फबारी हुई है। माइंस तापमान में भी भारतीय जवान सीमा की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए दिन-रात चौकसी बनाए हुए हैं। अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हुए जब नायक पीरा राम नियंत्रण रेखा पर गश्त लगा रहे थे तो बर्फ में अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में जा गिरे। उनके साथियों ने बचाव कार्य चलाया, परंतु खाई गहरी होने व अंधेरे के कारण उनका पता नहीं चल पाया। सुबह तड़के जवान का पार्थिव शरीर खाई से बाहर निकाला गया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

शरद पवार ने दिखाई ताकत, बोले हमारे पास हैं 162 विधायक, यह गोवा नहीं है...