Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

प्रधानमंत्री मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताया

Advertiesment
हमें फॉलो करें Narendra Modi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , सोमवार, 21 अप्रैल 2025 (17:05 IST)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि दुनियाभर में लाखों लोग उन्हें हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे। पहले लैटिन अमेरिकी पादरी पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। उन्होंने अपनी विनम्र शैली और गरीबों के प्रति चिंता से दुनिया को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
 
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, परम पावन पोप फ्रांसिस के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। पोप फ्रांसिस को दुनियाभर के लाखों लोगों द्वारा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा, छोटी उम्र से ही उन्होंने प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था। उन्होंने गरीबों और दलितों की लगन से सेवा की। जो लोग पीड़ित थे, उनके मन में उन्होंने आशा की भावना जगाई। मोदी ने पोप के साथ अपनी मुलाकातों को याद करते हुए कहा कि वह समावेशी और सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से बहुत प्रेरित हुए। मोदी ने कहा, भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा स्मरणीय रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
 
मुख्‍यमंत्रियों ने भी शोक व्यक्त किया : केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सोमवार को पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों के उत्थान का बड़ा समर्थक बताया। इतिहास के पहले लैटिन अमेरिकी पोप, पोप फ्रांसिस का सोमवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पोप फ्रांसिस अपने पीछे करुणा, समावेशिता और सामाजिक न्याय के प्रति गहन प्रतिबद्धता की विरासत छोड़ गए हैं। वामपंथी दिग्गज ने याद दिलाया कि उनकी विशेषता हाशिए पर पड़े समुदायों तक महत्वपूर्ण पहुंच, अंतर-धार्मिक संवाद और वैश्विक पूंजीवाद पर आलोचनात्मक रुख था। उन्होंने कहा, पोप फ्रांसिस गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों के प्रबल समर्थक थे।
 
वहीं सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी सोमवार को पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया। तमांग ने कहा, परम पूज्य पोप फ्रांसिस के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनकी गहन बुद्धिमत्ता, करुणा और शांति एवं एकता के लिए उनके अथक प्रयास ने दुनियाभर में अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया।
 
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें एक दयालु और प्रगतिशील व्यक्ति बताया। स्टालिन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पोप फ्रांसिस के निधन से बहुत दुख हुआ, वह एक परिवर्तनकारी व्यक्ति थे।
 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया और चर्च में महत्वपूर्ण सुधारों के लिए उनके प्रयासों को याद किया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, हमें परम पूज्य पोप फ्रांसिस के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हो रहा है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Share bazaar: शेयर बाजार में रही लगातार 5वें दिन भी तेजी, सेंसेक्स 855 अंक चढ़ा, निफ्टी 24100 अंक के पार