Publish Date: Sun, 26 Feb 2023 (11:27 IST)
Updated Date: Sun, 26 Feb 2023 (11:30 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि समाज की शक्ति से देश की शक्ति कैसे बढ़ती है यह हमने मन की बात के अलग अलग एपिसोड में देखा है।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' को आप सभी ने जनभागीदारी की अभिव्यक्ति का अद्भुत प्लेटफॉर्म बना दिया है। हर महीने लाखों संदेशों में, कितने ही लोगों के मन की बात मुझ तक पहुंचती है। आप अपने मन की शक्ति को जानते ही हैं, वैसे ही समाज की शक्ति से कैसे देश की शक्ति में बढ़ती है ये हमने 'मन की बात' के अलग-अलग एपिसोड में देखा है, समझा है और स्वीकार भी किया है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे वो दिन याद है,जब हमने 'मन की बात' में भारत के पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन की बात की थी। उस समय देश में एक लहर सी उठ गई भारतीय खेलों के जुड़ने की, इनमें रमने की, सीखने की।
'मन की बात' में जब भारतीय खिलौनों की बात हुई तो देश के लोगों ने इसे भी हाथों हाथ बढ़ावा दिया। अब तक विदेशों में भी इसकी डिमांड बढ़ गई है। जब 'मन की बात' की बात में हमने story telling की भारतीय विधाओं पर बात की तो इनकी प्रसिद्धि भी दूर दूर तक पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की शक्ति घर घर पहुंच रही है। ई संजीवनी एप से 10 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े। लोग आसानी से अपना ऑनलाइन इलाज करा रहे हैं। UPA के माध्यम से सिंगापुर से डिजिटल लेन-देन आसान हुआ।