Publish Date: Tue, 30 Jul 2024 (11:16 IST)
Updated Date: Tue, 30 Jul 2024 (11:24 IST)
प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
अधिकारियों के मुताबिक, केरल के पहाड़ी जिले वायनाड में मंगलवार तड़के भूस्खलन की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत 23 लोगों की मौत हो गई।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में कहा कि वायनाड में कुछ जगहों पर भूस्खलन की खबर से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजन को खोया है और जो घायल हुए हैं, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए बचाव अभियान जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने राज्य से संबंध रखने वाले दो केंद्रीय मंत्रियों-सुरेश गोपी और जॉर्ज कुरियन से भी मौजूदा स्थिति पर बात की। उन्होंने बताया कि मोदी ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से क्षेत्र में राहत कार्यों में मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी भेजने को कहा।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने वायनाड में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
Edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Tue, 30 Jul 2024 (11:16 IST)
Updated Date: Tue, 30 Jul 2024 (11:24 IST)