Publish Date: Wed, 14 Oct 2020 (10:57 IST)
Updated Date: Wed, 14 Oct 2020 (11:03 IST)
नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बांग्लादेश के, प्रति व्यक्ति जीडीपी के मामले में निकट भविष्य में भारत से आगे निकलने संबंधी अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अनुमान को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह नफरत से भरे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की ठोस उपलब्धि है।
उन्होंने बुधवार को आईएमफ के अनुमान संबंधी एक ग्राफ को साझा करते हुए ट्वीट किया, 'यह भाजपा के नफरत भरे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की छह साल की ठोस उपलब्धि है। बांग्लादेश भारत से आगे निकलने वाला है।'
दरअसल, आईएमएफ ने अनुमान लगाया है कि बांग्लादेश का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2020 में चार फीसदी की दर से बढ़ते हुए 1,877 डालर तक पहुंच गया है। वहीं भारत में प्रति व्यक्ति जीडीपी बांग्लादेश से सिर्फ 11 डॉलर ज्यादा यानी 1,888 डॉलर है।
कोरोनावायरस से बुरी तरह प्रभावित भारतीय अर्थव्यवस्था में इस वर्ष के दौरान 10.3 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आने का अनुमान है। इस दौरान विश्व अर्थव्यवस्था में 4.4 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था में संभवत: 8.8 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की जाएगी और वह चीन को पीछे छोड़ते हुए तेजी से बढ़ने वाली उभरती अर्थव्यवस्था का दर्जा फिर से हासिल कर लेगी।