Publish Date: Wed, 13 Dec 2017 (23:22 IST)
Updated Date: Wed, 13 Dec 2017 (23:29 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने बुधवार को कहा कि एक अमेरिकी चैनल में पेश नए कार्यक्रम में ‘रामसेतु’ के मानव निर्मित होने का दावा हमारे रुख की पुष्टि करता है। पार्टी ने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि वह भगवान राम के अस्तित्व में आस्था रखती है।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता पीयूष गोयल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भी हिन्दू धर्म के सम्मान की बात आती है, कांग्रेस का रुख ठीक नहीं रहता है। हम चाहते हैं कि रामसेतु के मुद्दे पर विवाद का हमेशा के लिए निपटारा हो जाए। हमें रामसेतु का सम्मान करना चाहिए और इसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि चैनल के एक कार्यक्रम में दावा किया गया है कि ‘रामसेतु’ प्राकृतिक तौर पर निर्मित नहीं, बल्कि मानव निर्मित है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस दावे ने भारतीय जनता पार्टी के रुख की पुष्टि की है। प्रसाद ने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में दायर हलफनामे पर प्रश्नचिन्ह उठाया जिसमें इस मान्यता पर सवाल उठाया गया था कि रामसेतु भगवान राम द्वारा बनवाया गया था, जो अपनी पत्नी सीता को छुड़ाने के लिए इस सेतु के माध्यम से लंका तक पहुंचना चाहते थे और जिसका उल्लेख रामायण ग्रंथ में हैं।
प्रसाद ने कहा, जिन लोगों ने हलफनामा दाखिल किया था उन्हें अब जवाब देना चाहिए। शोध ने इस बात को साबित किया है। भाजपा हमेशा से इस बात पर जोर देती रही है कि यह सेतु हमारी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है।
गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा, यही बात भाजपा अकेले कहती आ रही है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हम जिस बात को काफी समय से कहते आ रहे थे, उस बात की अब पुष्टि हुई है। रामसेतु भारतीयों की आस्था से जुड़ा है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Wed, 13 Dec 2017 (23:22 IST)
Updated Date: Wed, 13 Dec 2017 (23:29 IST)