Publish Date: Sat, 19 Mar 2022 (10:45 IST)
Updated Date: Sat, 19 Mar 2022 (10:51 IST)
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए अगले कुछ दिनों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि उत्तर, पश्चिम और मध्यभारत के ज्यादातर हिस्से में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है जिसके कारण 8 राज्यों में लू चलने के आसार बनते दिखाई पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिम और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में पहले ही लू की चेतावनी जारी कर दी है।
दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला ने दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। राष्ट्रीय राजधानी के कई स्टेशनों में अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। आने वाले 2 से 3 दिनों में तपिश और बढ़ने की उम्मीद है। भीषण सर्दी के बाद अब रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ने का भी अनुमान लगाया जा रहा है। देश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी ने मुख्य रूप से आसमान साफ रहने, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
दिल्ली में 1 दशक का रिकॉर्ड टूटा : मौसम शुष्क रहने और तेज धूप निकलने की वजह से तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में 17 मार्च का दिन पिछले 1 दशक में सबसे ज्यादा गर्म दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मार्च महीने में गर्मी 77 सालों का रिकार्ड तोड़ सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।