Publish Date: Wed, 29 Jan 2020 (12:52 IST)
Updated Date: Wed, 29 Jan 2020 (13:41 IST)
नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए अपनी कड़ी मेहनत से उन्हें प्रेरित किया है।
मूल रूप से हरियाणा के हिसार की रहने वाली साइना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। वे काफी मेहनत कर रहे हैं।
भाजपा मुख्यालय पर एक समारोह में पार्टी में शामिल होने वाली नेहवाल ने कहा कि भाजपा देश के लिए काफी काम कर रही है और वह सदस्य के तौर पर अपनी भूमिका निभाएगी।
दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना ओलंपिक कांस्य समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिताब जीत चुकी है। उनकी बड़ी बहन चंद्रांशु नेहवाल ने भी उनके साथ भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने पत्रकारों से कहा कि साइना ने कई खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। साइना ने बाद में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।