Publish Date: Wed, 23 Sep 2020 (20:18 IST)
Updated Date: Wed, 23 Sep 2020 (20:31 IST)
नई दिल्ली। शाहीनबाग में सीएए (CAA) बिल के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली दादियों में से एक बिलकिस बानो टाइम मैगजीन की 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल की गई हैं। बिलकिस दिल्ली के शाहीनबाग में कई महीनों तक धरने पर बैठी रही थीं।
82 साल की बिलकिस बानो को दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों में जगह मिली है। दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में भारत के 5 लोगों को जगह दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिल्किस, अभिनेता आयुष्मान खुराना, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (जो भारतीय हैं) और लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के डॉक्टर रवींद्र गुप्ता शामिल हैं।
टाइम की इस लिस्ट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन, कमला हैरिस, जो बाइडन, जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल समेत दुनियाभर के कई नेता शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर छाई दादी : बिलकिस दादी शाहीनबाग प्रदर्शन में मशहूर चेहरा थीं। बिलकिस करीब 3 महीनों तक विरोध के दौरान शाहीन बाग की सड़कों पर बैठी रही थीं। टाइम की लिस्ट की सूची की शामिल होने की खबर आने के बाद बिलकिस सोशल मीडिया पर भी छाई हुई हैं।
गौरतलब है कि सीएए के खिलाफ शाहीनबाग में लोगों ने महीनों तक प्रदर्शन किया था। इसमें भारी संख्या में महिलाएं भी थीं। महीनों तक चले प्रदर्शन के बाद कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने शाहीन बाग को खाली करा दिया गया था।