Publish Date: Fri, 18 Feb 2022 (15:01 IST)
Updated Date: Fri, 18 Feb 2022 (15:07 IST)
अनंतनाग। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग के कोकरनाग के वांदेवलगाम इलाके में एक पहाड़ से निकली नदी के बीचों-बीच सिंकहोल बन गया। इस रहस्यमयी सिंकहोल में पहाड़ी से बहती हुई नदी (ब्रेंगी नाला) समा गई। ट्राउट मछलियों के लिए मशहूर ब्रेंगी नाले में बना यह गड्डा अब तक हजारों मछलियों को निगल चुका है।
अनंतनाग के डिप्टी कमिश्नर पीयूष सिंगला ने भी हाल ही में बयान जारी कर कहा था कि यह भले ही आम जनता को आकर्षित कर रहा है, लेकिन ये सभी के लिए खतरनाक है।
पीयूष सिंगला ने ट्वीट कर कहा कि सिंक होल हमारे क्षेत्रों की विशिष्ट KARST टोपोग्राफी का होने का संकेत देता है। लेकिन, घबराने की जरूरत नहीं है। कश्मीर विश्वविद्यालय और भूविज्ञान विभाग के विशेषज्ञ इसपर रिसर्च कर रहे हैं और अस्थाई डायवर्जन कार्य किए जा रहे हैं।
कुछ विशेषज्ञों ने दावा किया कि ये गड्ढा जलवायु परिवर्तन के कारण हुआ है, हालांकि कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि धारा में लंबवत छेद एक प्राकृतिक घटना है। यह जल निकाय में चूना पत्थर चट्टानों के क्रमिक विघटन के कारण हुई है।