Publish Date: Mon, 11 Jul 2022 (15:27 IST)
Updated Date: Mon, 11 Jul 2022 (15:28 IST)
पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश की आबादी के सुरसा के मुंह की तरह बढ़ने की बात कहते हुए इसे नियंत्रित करने के लिए कड़े कानून की फिर से वकालत की। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023 में भारत की जनसंख्या चीन से भी अधिक हो सकती है।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भाजपा के नेता ने एक वीडियो बयान जारी किया और इसे ट्विटर पर साझा किया। बिहार में बेगूसराय लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले सिंह ने अफसोस जताया कि पिछले 3 दशकों में भारत आर्थिक प्रगति की रफ्तार में चीन से पिछड़ गया, लेकिन जनसंख्या वृद्धि में अपने पड़ोसी देश से आगे निकल गया।
सिंह ने कहा कि हमारे पास सीमित संसाधन हैं। हमारी आबादी सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही है। 10-10 बच्चे पैदा करने वाली विकृत मानसिकता पर भी अंकुश लगाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक कड़ा कानून बने, जो पूरे देश में और सभी धर्म के लोगों पर लागू हो। भाजपा नेता ने कहा कि इस तरह के कानून की मांग संसद से सड़क तक उठानी चाहिए।
सिंह की टिप्पणी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचार के बिल्कुल विपरीत है, जिनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की सबसे बड़ी सहयोगी है।