Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कश्मीर का तापमान बढ़ा, पंजाब और हरियाणा को नहीं मिली शीतलहर से राहत

हमें फॉलो करें कश्मीर का तापमान बढ़ा, पंजाब और हरियाणा को नहीं मिली शीतलहर से राहत
, बुधवार, 11 जनवरी 2023 (14:37 IST)
श्रीनगर। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण पहलगाम और गुलमर्ग को छोड़कर पूरी घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से ऊपर चला गया है। इधर पंजाब और हरियाणा को शीतलहर से राहत नहीं मिली है।
 
सोनमर्ग, गुलमर्ग, तंगधार (कुपवाड़ा में) और कश्मीर के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। उत्तर और मध्य कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई।
 
मौसम कार्यालय ने कहा है कि दिन बढ़ने के साथ शाम या रात तक बर्फबारी या बारिश में धीरे-धीरे तेजी आएगी। मौसम विभाग ने कहा कि कुछ स्थानों, मुख्य रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है और गुरुवार को जम्मू के मैदानी इलाकों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बर्फबारी या बारिश की संभावना है।
 
शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी या बारिश होने की संभावना है, जबकि इसके बाद 17 जनवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। पहलगाम और गुलमर्ग को छोड़कर समूची घाटी में रात के तापमान में वृद्धि होगी और तापमान शून्य से ऊपर रहेगा जिससे भीषण ठंड की स्थिति से राहत मिलेगी।
 
अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
कश्मीर वर्तमान में ‘चिल्लई कलां’ की चपेट में है, 40 दिनों की सबसे कठोर मौसमी अवधि में बर्फबारी की संभावना अधिकतम और सबसे अधिक होती है। चिल्लई कलां 21 दिसंबर को शुरू होता है और 30 जनवरी को समाप्त होता है। उसके बाद 20 दिनों तक ‘चिल्लई खुर्द’ (छोटी ठंड) और 10 दिनों तक ‘चिल्लई बच्चा’ होता है।
 
webdunia
हरियाणा, पंजाब में शीतलहर से राहत नहीं : हरियाणा और पंजाब में जारी शीतलहर से बुधवार को लोगों को कोई राहत नहीं मिली और अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। दोनों ही राज्यों में सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा भी छाया रहा।
 
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के नारनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस, रोहतक का 7.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मोगा और मुक्तसर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.7 और 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.4 डिग्री सेल्सियस जबकि फरीदकोट में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Gangasagar Mela: अब श्रद्धालुओं के सुविधार्थ सभी संकेत चिह्न व बैनर हिन्दी, अंग्रेजी और बंगाली में होंगे