Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता, शनिवार को होगी अंत्येष्टि

Advertiesment
हमें फॉलो करें मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता, शनिवार को होगी अंत्येष्टि

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024 (15:41 IST)
Tributes paid to Manmohan Singh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, (Draupadi Murmu) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi), कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं तथा अन्य हस्तियों ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
अंतिम संस्कार शनिवार को : तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहां दलगत भावना से ऊपर उठकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।ALSO READ: मोदी ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि, कहा- सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा
 
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह पार्टी मुख्यालय में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और फिर वहीं से सुबह 9.30 बजे उनकी अंतिम यात्रा भी शुरू होगी।
 
मुर्मू और मोदी सहित अनेक ने दी श्रद्धांजलि : राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भी सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य नेता भी मौजूद थे।ALSO READ: RSS ने भी दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि, दिए गए योगदान को किया याद
 
प्रधानमंत्री मोदी ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति बताया और कहा कि उन्हें एक दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री और आर्थिक सुधारों के जरिए देश को एक नए युग में ले जाने वाले नेता के रूप में याद किया जाएगा।
 
मोदी ने एक वीडियो संदेश में सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि उनका जीवन भविष्य की पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर ऊंचाइयों को प्राप्त किया जाता है।
 
मोदी ने कहा कि डॉ. सिंह का निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। विभाजन के दौरान भारत आने के क्रम में बहुत कुछ खोने के बावजूद उन्होंने इन उपलब्धियों को हासिल किया। उनका कहना था कि डॉ. सिंह का जीवन भविष्य की पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर महान ऊंचाइयों को प्राप्त किया जाए।ALSO READ: क्यों हमेशा नीली पगड़ी पहनते थे मनमोहन सिंह, जानिए पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी ये रोचक बात
 
आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह : भारत में आर्थिक सुधारों के जनक कहे जाने वाले पूर्व वित्तमंत्री और 2 बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। मनमोहन सिंह को गुरुवार की शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात एम्स से उनके आवास पर ले जाया गया।ALSO READ: Awards and Honours : जानिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को मिले इन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में
 
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पूर्व प्रधानमंत्री सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय जीवन पर अपनी छाप छोड़ी है और उनके निधन से राष्ट्र ने एक प्रख्यात राजनेता, जानेमाने अर्थशास्त्री और एक प्रतिष्ठित को नेता खो दिया है।
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में एक शोक प्रस्ताव पारित किया। मंत्रिमंडल ने 2 मिनट का मौन रखकर डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।ALSO READ: जब मनमोहन ने कहा था कि इतिहास मेरे प्रति दयालु होगा
 
कांग्रेस नेता सिंह 2004 से 2014 तक 10 वर्ष देश के प्रधानमंत्री रहे और उससे पहले उन्होंने वित्तमंत्री के रूप में देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में मदद की। वे वैश्विक वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध नाम थे। उनकी सरकार ने सूचना का अधिकार (आरटीआई), शिक्षा का अधिकार (आरटीई) और मनरेगा जैसी युग परिवर्तनकारी योजनाओं की शुरुआत की।
 
हमेशा नीली पगड़ी पहनने वाले सिंह को 1991 में नरसिम्हा राव सरकार में भारत का वित्तमंत्री नियुक्त किया गया था। आर्थिक सुधारों की एक व्यापक नीति शुरू करने में उनकी भूमिका को अब दुनियाभर में मान्यता प्राप्त है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

फर्जी वेबसाइट बनाकर महाकुंभ के लिए कर रहे थे बुकिंग, 4 गिरफ्‍तार