हिमाचल में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटे, जानिए क्या है अन्य राज्यों का हाल?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
मंगलवार, 1 जुलाई 2025 (10:44 IST)
Weather Update : दक्षिण पश्चिम मानसून की वजह से हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में भूस्खलन की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा बांग्लादेश के क्षेत्रों में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से राजस्थान के गंगानगर से कोलकाता तक भारी बारिश की संभावना है।
 
हिमाचल में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटे : हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश के कारण कुछ इमारतें ढह गईं, कई इलाकों में भूस्खलन हुआ और सड़कें अवरुद्ध हो गईं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, भारी बारिश के कारण बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन के कारण मंडी में 129 और सिरमौर जिले में 92 सहित राज्य में 259 सड़कें बंद हो गईं तथा 614 ट्रांसफार्मर और 130 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हो गईं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 20 जून को मानसून के आगमन के बाद से अब तक राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

मंडी में बादल फटने से तबाही : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब 12 लोग लापता हो गए। करसोग में एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जबकि मंडी के स्यांज में 2 परिवारों के करीब सात लोग लापता हैं। करसोग के पुराना बाजार (पंजरत), कुट्टी, बराल, ममेल और भ्याल गांवों में सड़कें और वाहन बह गए हैं। मंडी की लौंगनी पंचायत के स्याठी गांव में भारी बारिश के कारण कई घर, गौशालाएं, घोड़े, मवेशी और बकरियां बह गई हैं, जबकि पंडोह के पास पटीकरी बिजली परियोजना में निवासियों के घरों में पानी घुस गया है।
 
जिले की सभी नदियां और नाले उफान पर हैं और ब्यास नदी पर बने पंडोह बांध से डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। पंडोह बांध का जलस्तर खतरे के निशान 2,922 फुट के मुकाबले 2,941 फुट तक पहुंच गया है।
 
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट : मध्य प्रदेश के ऊपर से मानसून द्रोणिका गुजर रही है। यहां 3 मौसम प्रणालियां भी सक्रिय है। ऐसे में राज्य में कई स्थानों पर आज भारी बारिश की संभावना है। इंदौर, भोपाल, सागर, जबलपुर, शहडोल और ग्वालियर संभाग कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। अन्य स्थानों पर रूक रूक बारिश हो सकती है। 

ओडिशा में उफान पर नदियां : ओडिशा सरकार ने बालासोर और मयूरभंज जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है क्योंकि सुवर्णरेखा, बुधबलंग, जलाका और सोनो जैसी नदियों का जल स्तर बढ़ना जारी है। उत्तरी ओडिशा में प्रमुख नदियों के उफान पर होने के कारण, राज्य सरकार ने निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है और बालासोर और मयूरभंज जिलों में बचाव और राहत अभियान शुरू किया गया है।
 
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम :  दिल्ली एनसीआर में सोमवार को हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट आई तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विभाग विभाग (आईएमडी) ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आंधी चलने और बिजली कड़कने की संभावना जताई है। दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। शहर में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
 
पंजाब और हरियाणा में बारिश :  पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई। बारिश के कारण सेक्टर 47-48 ट्रैफिक सिग्नल प्वाइंट के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया जिससे एक मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गया। पंजाब के लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा, मोहाली, गुरदासपुर और फिरोजपुर समेत कई स्थानों पर बारिश हुई। हरियाणा के यमुनानगर, हिसार, अंबाला, रोहतक, भिवानी, सिरसा, पंचकूला और करनाल में बारिश हुई। क्षेत्र में बारिश के बाद तापमान सामान्य से नीचे आ गया। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में मंगलवार तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

1 july rule changes : ATM से लेकर Railway तक 1 जुलाई से होने वाले है 5 बड़े बदलाव, नहीं जानेंगे तो पछताएंगे

अमित शाह की नक्सलियों को खुली चेतावनी, बोले- अब नहीं होगी बातचीत, हथियार छोड़ें, करें आत्मसमर्पण, बता दी आखिरी तारीख

केरल में थाने पहुंचा युवक, कहा- मेरे बैग में नवजात शिशुओं के कंकाल हैं

Hindi row : महाराष्ट्र में भाषा विवाद को लेकर बैकफुट पर फडणवीस सरकार, हिन्दी अनिवार्यता को लेकर CM का बड़ा ऐलान

रूस ने यूक्रेन में मचाई तबाही, दागे 477 ड्रोन और 60 मिसाइल, अमेरिका का F-16 भी हुआ क्षतिग्रस्त

सभी देखें

नवीनतम

LIVE: भाजपा का बड़ा हमला, RJD का असली चेहरा नमाजवादी

हिमाचल में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटे, जानिए क्या है अन्य राज्यों का हाल?

ट्रेन का सफर महंगा, सस्ता हु्आ गैस सिलेंडर, 1 जुलाई से हुए बदलावों का क्या होगा आपकी जेब पर असर?

तेलंगाना की दवा फैक्टरी में धमाका, मृतक संख्या बढ़कर 34 हुई

सस्ता हुआ कमर्शिअल गैस सिलेंडर, जानिए क्या है 4 महानगरों में नए दाम

अगला लेख