Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मौसम के 2 रंग, कहीं भीषण गर्मी की मार, कहीं बारिश के साथ चली धूल भरी आंधी

Advertiesment
हमें फॉलो करें heat

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 18 अप्रैल 2025 (10:18 IST)
Weather Update : देश में इन दिनों मौसम के 2 रंग दिखाई दे रहे हैं। एक ओर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है तो दूसरी तरफ महाराष्‍ट्र, गुजरात, बिहार, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के साथ ही धूल भरी आंधी चल रही है। जानिए शुक्रवार को देश में कैसा है मौसम... 
 
होशंगाबाद में 43.6 तापमान : मध्यप्रदेश के 20 शहरों में गुरुवार को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के नर्मदापुरम में सबसे अधिक 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इंदौर में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि यहां न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। शहर में शाम को 36 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। शहर के आसपास हल्की बूंदाबांदी भी हुई। 
 
दिल्ली में बढ़ा तापमान : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिन में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 47 प्रतिशत दर्ज की गई।
 
जैसलमेर में पारा 46 डिग्री पार : राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। जैसलमेर में पारा 46 डिग्री पार पहुंच गया। इस बीच मौसम विभाग ने जयपुर, जोधपुर समेत राज्य के 17 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी है। 
 
यूपी में झांसी सबसे गर्म : उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मौसम काफी गर्म रहा। बुंदेलखंड में झांसी सबसे गर्म स्थान रहा जहां दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बुलंदशहर में 42 डिग्री और आगरा में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में यह 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मौसम साफ रहने और कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।
 
बिहार के 25 जिलों में अलर्ट : बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात का प्रभाव है। गुरुवार शाम से पटना समेत कई इलाकों में तेज हवा चल रही थी। मध्य रात्रि कई इलाकों में आंधी और हल्की बारिश हुई। आज सुबह भी पटना समेत कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने पटना समेत 25 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया।  
 
हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम : मौसम विभाग ने 18 और 19 अप्रैल को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों में बादलों की गरज, बिजली की चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों में इस दौरान भारी बारिश 
 
और गरज-चमक के साथ तूफान की आशंका है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण 20 अप्रैल को कई स्थानों पर और 21-22 अप्रैल को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

शुल्क से बचने के लिए नए बाजार की तलाश में भारत के कारोबारी