Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather Update : झारखंड पहुंचा मानसून, बिहार में गर्मी ने तोड़ा 11 साल का रिकॉर्ड

हमें फॉलो करें Weather Update : झारखंड पहुंचा मानसून, बिहार में गर्मी ने तोड़ा 11 साल का रिकॉर्ड
, मंगलवार, 20 जून 2023 (08:49 IST)
Weather Update : चक्रवात बिपरजॉय के गुजरने के बाद देश में एक बार फिर मानसून के लिए स्थितियां अनुकुल नजर आ रही है। अगले दो दिनों में दक्षिण प्रायद्वीप और बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ेगा। इधर बिहार समेत देश के 9 राज्यों में लू का कहर जारी है। बिहार में गर्मी ने पिछले 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
 
राजस्थान में भारी बारिश : अरब सागर में उठे चक्रवात बिपारजॉय के असर से राजस्थान के कुछ हिस्‍सों में पिछले 2 दिनों में अत्यधिक भारी बारिश होने के कारण हुए हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज बाढ़ प्रभावित बाड़मेर, सिरोही व जालोर जिले का दौरा करेंगे।
 
सवाईमाधोपुर, बारां और कोटा जिलों के अलग-अलग इलाकों में अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं बूंदी, टोंक, झालावाड़ और करोली जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
 
झारखंड पहुंचा मानसून : दक्षिण पश्चिम मानसून सोमवार को झारखंड पहुंच गया। राज्य के गोड्डा, पाकुड़ और दुमका जिलों में मानसून की बारिश हुई। 24 जून तक पूरे राज्य में फैलने की संभावना है। पूर्वोत्तर और दक्षिण पूर्व जिलों, मुख्य रूप से साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में 21 जून और 22 जून को भारी वर्षा हो सकती है।
 
बिहार में टूटा 11 साल का रिकॉर्ड : इन दिनों पूरा बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है जिसने 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को राज्य के कई स्थानों पर पारा 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। औरंगाबाद जिले में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोजपुर जिले में पिछले 24 घंटों में लू लगने से 5 लोगों की मौत हो गई।
 
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम : पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर पानी गिरा। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, लक्षद्वीप, दिल्ली एनसीआर में भी बरसा पानी।
 
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, आंतरिक ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू चली।
 
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, असम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
 
पूर्वोत्तर बिहार, तटीय ओडिशा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
पूर्वोत्तर भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, लक्षद्वीप, दिल्ली एनसीआर, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा पर रवाना हुए पीएम मोदी, 180 देशों के प्रतिनिधियों को कराएंगे योग